Bihar Weather : बिहार में बिगड़ा मौसम का मिजाज; बारिश ने बढ़ाई ठंड, किसानों को होगा फायदा
Bihar Weather बिहार में मौसम बदल गया है। बुधवार से हो रही हल्की-फुल्की बारिश के बाद खगड़िया जिले में गुरुवार को ठंड बढ़ गई है। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी है। बारिश और ठंड बढ़ने की वजह से लोगों को अलाव जलाने पड़े हैं। लोगों को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा है।

जागरण टीम, खगड़िया। Bihar Weather : बिहार में मौसम का मिजाज बदला है। इस बीच हल्की-फुल्की वर्षा मंगलवार से कभी-कभी हो रही थी। लेकिन गुरुवार को वर्षा की गति बढ़ी है। कभी रिमझिम तो कभी झमाझम वर्षा जारी है। इससे ठंड बढ़ी है। ठंड की कनकनी शुरू हो गई है।
जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। लोगों को अब ठंड का एहसास पूरी तरह से होना शुरू हो गया है। गुरुवार को लोग घरों में ही दुबके रहे। जरूरी काम पड़ने पर ही बाहर निकले।
इससे चौक-चौराहे, बस पड़ाव आदि पर भीड़-भाड़ कम दिखाई पड़ी। शाम होते ही बाजार में सन्नाटा पसर गया। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव आदि कि व्यवस्था करते दिखे।
अचानक गिरा तापमान
तापमान में अचानक गिरावट आ जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इधर, चिकित्सक डा. चंद्रप्रकाश के अनुसार बढ़ी हुई ठंड में लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। खासकर ब्लड प्रेशर व दिल के मरीज को।
सभी को गर्म खाना व गर्म कपड़े पहनना चाहिए। शरीर को पूरा ढंककर रखना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। ठंड का प्रभाव उन पर तुरंत पड़ता है।
फसलों को नुकसान पहुंचने लायक नहीं हुई बारिश
उधर, जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि उतनी वर्षा नहीं हुई है कि फसलों को नुकसान पहुंचे। धान की फसल अब पक गई है। फूल नहीं है, इसलिए नुकसान की संभावना नहीं है। गेहूं की फसल को फायदा होगा।
दूसरी ओर वर्षा से ग्रामीण कच्ची सड़कों पर कीचड़ फैल गया है। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रोहियार पंचायत की बंगलिया मुख्य सड़क पर कीचड़ होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस सड़क से लगभग पांच हजार की आबादी जुड़ी हुई है।
इधर, वर्षा के कारण जिला मुख्यालय में बिजली सेवा भी बाधित रही। बिजली आती-जाती रही। इससे भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें
Gopalganj News: जमीन पर जबरन कब्जा करने का विरोध करने पर मां-बेटे को लाठी-डंडे से पीटा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।