Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम पुल के निर्माण पर लगा ब्रेक, कम नहीं हो रहा गंगा का जलस्तर

    Updated: Tue, 19 Aug 2025 04:22 PM (IST)

    खगड़िया के अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम महासेतु निर्माण में गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण फिर बाधा आई है। लगभग दो सप्ताह से पुल का काम रुका है केवल एप्रोच पथ का निर्माण जारी है। खगड़िया में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पुनर्निर्माण छह जून से शुरू हुआ था लेकिन जलस्तर बढ़ने से कार्य प्रभावित है। अक्टूबर तक जलस्तर में उतार-चढ़ाव की संभावना है।

    Hero Image
    अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम पुल के निर्माण पर लगा ब्रेक, कम नहीं हो रहा गंगा का जलस्तर

    संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम महासेतु निर्माण कार्य में गंगा के बढ़े हुए जलस्तर ने एक बार फिर व्यवधान उत्पन्न किया है। लगभग एक पखवाड़े से गंगा की धारा में पुल से संबंधित कार्य ठप है, जबकि दोनों साइट, अगुवानी और अजगैवीनाथ धाम की ओर से पुल के एप्रोच पथ का निर्माण कार्य जारी है। फिलहाल गंगा अभी भी उमड़ी हुई है। खगड़िया की खारा धार जलद्वार के पास गंगा खतरे के निशान से 52 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मतलब, अभी गंगा नदी में पुल निर्माण से संबंधित कार्य बाधित ही रहेगा। मालूम हो कि अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम महासेतु का पुनर्निर्माण कार्य बीते छह जून से पुन: शुरू हुआ।

    बताते चलें कि चार जून 2023 की संध्या अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम महासेतु का अगुवानी साइट से पिलर संख्या 10, 11 व 12 ध्वस्त हो गया था। पिलर संख्या नौ को भी क्षति पहुंची थी। गंगा में 14 हजार टन मलबा गिरा था। एक कर्मी की भी मौत हुई थी। उसके बाद पुल निर्माण कार्य को बंद कर दिया गया। लंबी जांच-प्रक्रिया चली। तब जाकर पुन: छह जून 2025 से कार्यारंभ हुआ।

    उच्च न्यायालय पटना की ओर से दिनांक 14-09-2023 के पारित आदेश के अनुपालन करते हुए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा महासेतु के क्षतिग्रस्त भाग में कंपोजिट स्टील बिंब विद कंक्रीट डेक केबल स्टे का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया।

    निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य 18 माह रखा गया है, लेकिन अब उफनती गंगा ने फिर व्यवधान पैदा कर दिया है। अक्टूबर तक गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। 31 अक्टूबर तक बाढ़ की अवधि मानी जाती है। अब देखना है कि, कब गंगा का जलस्तर सामान्य होता है और नदी में पुल निर्माण का कार्य आरंभ होता है।

    अभी गंगा किनारे से किनारे बह रही है, इसलिए एक पखवारा से गंगा नदी में पुल निर्माण से संबंधित कार्य रुका हुआ है। ज्यों ही जलस्तर घटेगा, त्यों ही नदी में पुल निर्माण से संबंधित कार्य शुरू हो जाएगा। एप्रोच पथ का कार्य दोनों ओर से जारी है। समय पर कार्य पूर्ण होगा। - शशि भूषण, वरीय परियोजना अभियंता, विशेष कार्य प्रमंडल- दो, अजगैवीनाथ धाम-अगुवानी घाट पुल, खगड़िया