'छठी मैया के कृपा से ही फिर से बनत बा एनडीए सरकार', खगड़िया में सांसद मनोज तिवारी का दावा
लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने खगड़िया में कहा कि छठी मैया की कृपा से एनडीए सरकार फिर से बनेगी। उन्होंने बिहार में एनडीए की सरकार बनने का दावा किया और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने जनता का आशीर्वाद एनडीए के साथ होने की बात कही।

जदयू प्रत्याशी के लिए खगड़िया में रोड शो के करते हुए सांसद मनोज तिवारी। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, खगड़िया। भाजपा सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी शुक्रवार को खगड़िया पहुंचे। बारिश के बीच उन्होंने खगड़िया विधानसभा के एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी बबलू मंडल के समर्थन में रोड शो किया।
वे संसारपुर मैदान में हेलीकाप्टर से उतरे और वहां से रोड शो आरंभ किया गया। जो कचहरी रोड, आरओबी, स्टेशन रोड व बाजार का भ्रमण करते हुए एनएच के रास्ते पुन: संसारपुर तक पहुंचा।
इस दौरान उन्होंने बाजार स्थित बलिदानी प्रभु नारायण के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। भाजपा सांसद मनोज तिवारी के साथ खगड़िया सांसद राजेश वर्मा, प्रत्याशी बबलू मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, पूर्व विधायक चंद्रमुखी देवी भी मौजूद रहे।
रोड शो के दौरान सांसद मनोज तिवारी ने राहुल गंधी पर निशाना साधते हुए न सिर्फ जय छठी मैया के जयकारे लगाए बल्कि छठ गीत भी गाए। छठ गीत गाते हुए कहा कि छठी मैया के कृपा से ही फिर से बनत बा एनडीए सरकार।
उन्होंने लोगों से जदयू प्रत्याशी बबलू मंडल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वे भारत माता की जय, नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद व नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे थे।
रोड शो के दौरान ही उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 125 यूनिट बिजली फ्री करने, महिला सशक्तिकरण, रोजगार को लेकर महिलाओं को 10 हजार रुपए दिए जाने, युवाओं को रोजगार व सरकारी नौकरी देने जैसे प्रमुख उपलब्धियों को भी बताया।
उन्होंने उन्नत खगड़िया और विकसित बिहार के लिए एनडीए सरकार फिर से बनाने की बात कही। इसके लिए एनडीए प्रत्याशी बबलू मंडल को जीत का आशीर्वाद देने का अनुरोध किया।
जगह- जगह छठी मैया के गीत और जीओ हो बिहार के लाला, जीयो हो खगड़िया वाला, अबकी तीर के बटन दबैय हो, बबलू मंडल के जितैयहो, के नारे व गीत गाते रहे। वहीं पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि 22वें विधानसभा में हूं। लोग एनडीए के पक्ष में हैं। पिछले तीन विधानसभा चुनाव आंखों से देखा हूं। सबसे ज्यादा एनडीए के लिए समर्थन आज है।
उन्होंने कहा कि इस बार 175 सीट के आसपास एनडीए हैं। राहुल गांधी द्वारा छठ और नरेन्द्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर कहा कि जिसका अंतरमन जैसा होगा वही न बोलेगा। वे(राहुल गांधी) राजा हैं, किसी को भी नचा सकते हैं। वे अपने बल पर तो नेता नहीं बने, अपने दादा- दादी के बल पर नेता बने हैं। वे प्रधानमंत्री के लिए ऐसी बात कहते हैं, वोट के लिए कुछ भी बोलते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उन्होंने जवाब देगी। उन्होंने कहा कि वे लोग खुद आपस में लड़ रहे हैं। तेजस्वी बाबू और राहुल गांधी एक- दूसरे को हराने के लिए लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, महागठबंधन के सीएम कंडीडेट तेजस्वी यादव व डिप्टी सीएम कंडीडेट मुकेश सहनी हैं। कांग्रेस 60 सीट पर लड़ रही है, तो उनका कंडीडेट क्यों नहीं सामने आया।
इसका मतलब है, वे साथ नहीं हैं। तंज कसा, वे कह रहे हैं हम चुनाव बाद बताएंगे, पहले एक- दूसरे को हराएंगे फिर बताएंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए ने विकास किया है, एनडीए ही विकास करेगा। इस अवसर पर जदयू के जिला प्रवक्ता राकेश पासवान शास्त्री और भाजपा के मुख्य जिला प्रवक्ता मनीष कुमार राय भी मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।