Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भय और भ्रष्टाचार का दौर खत्म, बिहार में अब अमन और विकास का युग: नीतीश कुमार

    Updated: Wed, 05 Nov 2025 05:05 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ठाकुरगंज में कहा कि 2005 से पहले बिहार में भय और भ्रष्टाचार का माहौल था, जिसे उनकी सरकार ने खत्म किया। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में कई काम किए गए हैं। उन्होंने विपक्ष पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और एनडीए प्रत्याशी को जिताने की अपील की।

    Hero Image

    भय और भ्रष्टाचार का दौर खत्म, बिहार में अब अमन और विकास का युग: नीतीश कुमार

    संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज)। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी गोपाल कुमार अग्रवाल के समर्थन में ठाकुरगंज प्रखंड के भोगडाबर पंचायत स्थित एनएच रेस्टोरिया के प्रांगण में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार भय, भ्रष्टाचार और अराजकता की पहचान थी, लेकिन हमारी सरकार आने के बाद राज्य में अमन-चैन, कानून का राज और विकास को नई दिशा मिली।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि अब बिहार का कोई भी नागरिक रात में भी निश्चिंत होकर अपने काम पर जा सकता है। पहले लोग शाम ढलते ही घरों में बंद हो जाते थे। यह बदलाव जनता के सहयोग से संभव हुआ है।

    मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि अब तक 2.58 लाख शिक्षकों की बहाली की जा चुकी है और वर्तमान में 5.20 लाख शिक्षक राज्य में कार्यरत हैं। 2006 में सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवा और इलाज की सुविधा शुरू की गई थी। उस समय राज्य में केवल छह मेडिकल कालेज थे, जबकि आज 27 जिलों में मेडिकल कालेज स्थापित किए जा चुके हैं।

    मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग 15 साल तक सत्ता में रहे, उन्होंने जनता के लिए कुछ नहीं किया। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने जीवनभर परिवारवाद को ही बढ़ावा दिया। उन्होंने पत्नी को मुख्यमंत्री बनाया, बेटा, बेटी को ही आगे बढ़ाने का काम किया।

    उन्होंने कहा कि उनके शासन में विकास ठप था, अपराध चरम पर था। हमारी सरकार ने हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए काम किया है, चाहे गांव हो या शहर, विकास हर जगह दिखाई दे रहा है।

    नीतीश कुमार ने बताया कि राज्य की सभी पंचायतों में चार करोड़ की लागत से विवाह भवन बनाए जा रहे हैं और 430 नई योजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें कई योजनाएं किशनगंज जिले की भी हैं।

    उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में विकास की गति और तेज हुई है। पोशाक योजना, साइकिल योजना, पेंशन योजना और 125 यूनिट फ्री बिजली योजना ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। आगामी पांच वर्षों में राज्यभर में एक करोड़ लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। राज्य में मखाना उत्पादन, सड़क व पुल-पुलिया निर्माण, जलाशयों के जीर्णोद्धार और शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही, मंदिरों और कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराकर आपसी विवादों को समाप्त किया गया ह।

    उन्होंने एनडीए प्रत्याशी गोपाल कुमार अग्रवाल को विजयी बनाने का आग्रह किया। मौके पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, पूर्व मंत्री नौशाद आलम, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष फिरोज अंजुम, नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल, बिजली सिंह एवं दानिश इक़बाल सहित कई वरिष्ठ एनडीए नेता मौजूद रहे। मंच का संचालन मंसूर आलम ने किया।

    यह भी पढ़ें- Bihar Election 2025: आदर्श आचार संहिता उल्लंघन में RJD प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर FIR, 2 गिरफ्तार

    यह भी पढ़ें- 'NDA को बहुमत मिला तो महाराष्ट्र की तरह बिहार में होगा खेल', किशनगंज में बोलीं इकरा हसन