Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'चुनाव से पहले महिलाओं को दी गई राजनीतिक रिश्वत', प्रियंका गांधी बोलीं- पैसे लें पर वोट नहीं दें

    Updated: Mon, 03 Nov 2025 09:26 PM (IST)

    लखीसराय में प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार ने देश का निर्माण किया, पर आज यहां बेरोजगारी चरम पर है और शिक्षा व्यवस्था ठप है। उन्होंने पीएम पर किसानों की जमीन अमीर मित्रों को देने का आरोप लगाया। उन्होंने एनडीए पर राजनीतिक घूस देने का आरोप लगाया और महागठबंधन सरकार बनने पर 25 लाख तक का मुफ्त इलाज, महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह, और युवाओं को रोजगार देने का वादा किया।

    Hero Image

    प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना। (फोटो- एक्स)

    जागरण संवाददाता, लखीसराय। बिहार ने भारत का निर्माण किया। चंपारण ने महात्मा गांधी को सत्याग्रह की शुरूआत करने के लिए प्रेरित किया। बिहार देश का केंद्र माना जाता था। यहां से बड़े-बड़े अधिकारी आईएएस, आईपीएस, आईएफएस आदि हुआ करते थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में सर्वाधिक नाैजवान हैं पर हकीकत यह है कि सर्वाधिक बरोजगार भी यहीं हैं। यहां की शिक्षा व्यवस्था ठप पड़ गई है। हर परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है। किसान खेती से कमा नहीं पा रहे। खेती का सामान मंहगा हो गया है, पर किसानों के उत्पाद का मूल्य नहीं बढ़ा। उन्हें एमएसपी नहीं मिलती। छोटे उद्योग ठप पड़ गए हैं।

    सरकार की तरफ से सहायता नहीं मिलती है। पर यहां के नेता बालू बटोरने में मस्त हैं। देश के हर कोने में बिहारी काम कर रहा है पर उन्हें सम्मान नहीं मिल रहा है। यह बातें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को लखीसराय के केआरके मैदान में महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश, सूर्यगढ़ा के राजद प्रत्याशी प्रेम सागर चौधरी के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील की।

    पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि वे किसानों की जमीन को एक रूपये में अपने अमीर मित्रों को दे रहे हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन स्कीम को समाप्त कर दिया। देश में निजीकरण को बढ़ावा दिया। पीएम कहते फिर रहे हैं कि इसने मेरा अपमान किया, उसने मेरा अपमान किया। इधर नौजवान रो रहे हैं, किसान रो रहे हैं, उन्हें इनकी परवाह नहीं है।

    राजनीतिक घूस दे रही एनडीए

    उन्होंने कहा कि एक समय अंग्रेजी साम्राज्य था अब मोदी राज है। यहां आवाज उठाओगे तो पीटे जाओगे। वहीं, मुख्यमंत्री को केंद्रित करते हुए कहा कि नीतीश कुमार की भी यहां सुनवाई नहीं हो रही है। बिहार के लिए दिल्ली में निर्णय लिया जा रहा है। चुनाव में महज एक सप्ताह पहले महिलाओं को 10-10 हजार रुपये दिया गया। ये लोग बीस वर्ष से कहां थे। यह राजनीतिक घूस है। आप लोग यह राशि ले लें पर वोट नहीं दें।

    पिछले 20 वर्ष में बिहार के नौजवानों को रोजगार नहीं मिला तो अब भी नहीं मिलेगा। महागठबंधन सरकार आने पर ही युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने महागठंधन के चुनावी घोषणा पत्र का वादा दोहराते हुए कहा कि महागठंधन सरकार बनने पर 25 लाख तक का इलाज मुफ्त में किया जाएगा। हर महीने महिलाओं को 2500 रुपये दिए जाएंगे। गरीब परिवार को घर-जमीन दिया जाएगा।

    यह जमीन महिलाओं के नाम होगी। प्रतियोगिता परीक्षा का फॉर्म भरने के लिए शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा परीक्षा में शामिल होने के लिए आने-जाने में खर्च नहीं लगेगा। हर परिवार जिनके यहां कोई नौकरी में नहीं है, उनके परिवार में एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। व्यापार या व्यवसाय की शुरुआत करने के लिए दो लाख रुपये दिया जाएगा।

    500 रूपये में मिलेगा गैस सिलेंडर

    प्रियंगा ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर गैस सिलेंडर पांच सौ रुपये में दिया जाएगा। संविदा कर्मियों की सेवा स्थायी की जाएगी। पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। दिव्यांग पेंशन तीन हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। 200 यूनिट बिजली प्रतिमाह मुफ्त दी जाएगी।

    इस मौके पर लखीसराय विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, विधान पार्षद अजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक फुलेना सिंह, गोरखनाथ, सुजित कुमार आदि मौजूद थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद कुमार ने तथा संचालन जीतेंद्र कुमार सिंह ने किया।