छोड़ने के बाद फिर भाजपा में वापसी क्यों? पूर्व सांसद अजय निषाद ने बताई वजह
Bihar Assembly Election 2025: पूर्व सांसद अजय निषाद ने भाजपा में वापसी की वजह बताते हुए कहा कि कांग्रेस में उनका मन नहीं लग रहा था। उन्होंने कांग्रेस में जाना एक भूल बताया और स्वीकार किया कि उन्हें भाजपा से टिकट न मिलने पर इंतजार करना चाहिए था। उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए। भाजपा नेताओं ने उनकी वापसी का स्वागत किया है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर।Bihar Assembly Election 2025: लोकसभा चुनाव 2024 में सिटिंग सांसद होने के बाद भी टिकट कटने पर नाराज होकर कांग्रेस में गए पूर्व सांसद अजय निषाद भाजपा में फिर से शामिल हो गए हैं।
शुक्रवार की देर शाम वे पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक मिलन समारोह में वे भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल ने उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा ही मेरी विचारधारा
पूर्व सांसद अजय निषाद ने घर वापसी के बाद कहा कि भाजपा से ही उनकी विचारधारा मिलती है। कुछ कारणों से कांग्रेस में चले गए थे। डेढ़ साल से वहां थे, मगर मन नहीं लग रहा था।
सेवा का पूरा अवसर
भाजपा में काम करने के लिए बहुत विकल्प हैं। यहां लोगों की सेवा का अवसर है। कांग्रेस में ऐसा कुछ नहीं था। भाजपा में रहते हुए सक्रियता बनी रहती है। पार्टी मजबूत हो इसके लिए भाजपा में आए।
कांग्रेस में जाना चूक
स्वार्थ के लिए कांग्रेस में चले जाने के बारे में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहने वालों की राजनीतिक महत्वाकांक्षा हमेशा रहती है। मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ। इसी समय मुझसे गलती हुई।कांग्रेस में जाना भूल थी। भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर इंतजार करना चाहिए था। उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने के भी संकेत दिए।
छोड़ दी थी भाजपा
विदित हो कि मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट से दो बार भाजपा के टिकट पर सांसद रहे अजय निषाद ने पिछले साल लोकसभा चुनाव में पार्टी छोड़ दी थी। वह कांग्रेस से उम्मीदवार थे। चुनाव में उन्हें भाजपा के डॉ. राजभूषण चौधरी ने बड़े अंतर से हरा दिया था।
कई माह से कर रहे थे प्रयास
कहा जा रहा है कि पिछले कई माह से अजय निषाद भाजपा में वापसी के लिए प्रयासरत थे। वह पत्नी रमा निषाद को विधानसभा चुनाव में उतारना चाह रहे हैं। माना जा रहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पत्नी को भाजपा से टिकट मिल सकता है।
अजय निषाद ने पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जयसवाल समेत सभी वरिष्ठ भाजपा नेताओं का आभार किया है। कहा कि बिहार के विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाएं।
बिहार के विकास में सहयोग
इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए मैं फिर से NDA परिवार से जुड़ा हूं। आने वाले पांच वर्ष बिहार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिस विकास के पथ पर आज बिहार अग्रसर है उसे हमें प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ाना है।
अजय निषाद के भाजपा में आने का पार्टी नेताओं ने स्वागत किया है। जिलाध्यक्ष पूर्वी विवेक कुमार, पश्चिमी हरिमोहन चौधरी, केंद्रीय मंत्री डा. राजभूषण चौधरी, मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, डा. राजू कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बेबी कुमारी, भारत रत्न यादव, ओबीसी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष भगवान लाल महतो, आदर्श सिंह आदि ने स्वागत किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।