Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में वैशाख की शुरुआत में ही भीषण गर्मी, पारा 38.5 डिग्री के पार

    By Prashant Kumar Edited By: Ajit kumar
    Updated: Sat, 04 Apr 2026 02:18 PM (IST)

    Bihar Weather Update: मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में वैशाख की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गय ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Heatwave: वैशाख महीने की शुरुआत के साथ ही मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही तापमान में तेज बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

    38.5 डिग्री तक पहुंचा तापमान

    शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

    तेज पछिया हवा ने बढ़ाई तपिश

    दिनभर करीब 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछिया हवा ने गर्मी को और तीखा बना दिया। दोपहर बाद तेज गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

    झुलसा देने वाली गर्म हवा से परेशान

    गर्म हवा के कारण लोगों को त्वचा में जलन महसूस हो रही थी। सड़क पर निकलने वाले लोग गमछा या कपड़े से चेहरा ढंककर चलने को मजबूर दिखे। लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों का गला सूखता रहा और वे पानी पीकर राहत पाने की कोशिश करते नजर आए।

    स्कूली बच्चों पर सबसे ज्यादा असर

    अचानक बढ़ी गर्मी का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। अभी तक स्कूलों का संचालन मॉर्निंग शिफ्ट में नहीं किया गया है, हालांकि अगले सप्ताह से समय में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान

    वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार, शुरुआती गर्मी के दौरान इस तरह का तापमान सामान्य है। पश्चिमी विक्षोभ के कम प्रभावी होने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

    उन्होंने बताया कि एक से दो दिनों तक ऐसी स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और छह अप्रैल के आसपास उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।