सुबह-शाम ठंड का असर बरकरार, मौसम विभाग ने बताया आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
Bihar Weather Update:मुजफ्फरपुर में मौसम लगातार बदल रहा है, सुबह-शाम ठंड और दिन में धूप का अनुभव हो रहा है। अधिकतम तापमान 24.4°C और न्यूनतम 7.2°C दर्ज ...और पढ़ें

Muzaffarpur Weather: शाम ढलते ही और देर रात से लेकर सुबह तक ठंड की अनुभूति बढ़ जाती है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Weather Update: जिले में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी गर्मी का अहसास हो रहा है तो कभी ठंड फिर से लौट आती है। बीते 10–15 दिनों से यही स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल सुबह और शाम ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान सामान्य बना रहता है। शाम ढलते ही और देर रात से लेकर सुबह तक ठंड की अनुभूति बढ़ जाती है।
शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पूरे दिन करीब 12.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछिया हवा चलती रही, जिससे सुबह-शाम ठंड का असर महसूस किया गया।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के जिलों में आने वाले दिनों में मौसम सामान्य बना रहेगा। आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में धूप खिलेगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड का असर बना रहेगा।
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में दिन का अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान पछिया हवा अधिकतम छह किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है।
पिछले सात दिनों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
| दिन | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| शनिवार | 24.4 | 7.2 |
| शुक्रवार | 24.1 | 7.0 |
| गुरुवार | 23.6 | 9.0 |
| बुधवार | 25.5 | 10.0 |
| मंगलवार | 26.4 | 9.2 |
| सोमवार | 24.0 | 6.4 |
| रविवार | 22.0 | 8.6 |
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग की ओर से किसानों के लिए सामयिक कृषि परामर्श भी जारी किया गया है। शुष्क मौसम की संभावना को देखते हुए किसानों को हल्दी और ओल की खुदाई करने की सलाह दी गई है। वहीं राई और सरसों की तैयार फसलों की कटाई की जा सकती है। अरहर की फसल में फल मक्खी कीट पर निगरानी रखने का सुझाव भी दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।