Voter Adhikar Yatra: राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, कहा- राजशाही के रास्ते पर चल रही मोदी सरकार
Voter Adhikar Yatra यात्रा के क्रम में दरभंगा से मुजफ्फरपुर पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सीमावर्ती गायघाट प्रखंड के जारंग में एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसके काम करने के अंदाज को गैर लोकतांत्रिक करार दिया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Voter Adhikar Yatra: विपक्षी गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा बुधवार को दरभंगा के बाद मुजफ्फरपुर में प्रवेश कर गई। इस दौरान सीमावर्ती प्रखंड गायघाट के जारंग में एक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की सरकार पर खूब हमले किए।
राहुल गांधी ने भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के काम करने के तरीके को अलोकतांत्रिक बताया। कहा, उनके काम करने का अंदाज राजशाही है। वे वोट चोरी कर रहे हैं। अभी जो काम बिहार में किया जा रहा है।
इसी काम को पूरे देश में किया जाएगा। देश व्यापी अभियान के तहत लोगों को बताया जाएगा कि कैसे वोट की चोरी की जा रही है। वर्तमान सरकार अधिकार चुरा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले जमाने में राजा जिसे पसंद करता था, उसका सामान छीन लेता था। वैसा ही फिर शुरू हो गया है। शुरुआत वोटर लिस्ट से नाम हटाने से हुई है, इसके बाद लोगों को राशन से वंचित किया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार से जिस आंदोलन की शुरुआत हुई है उसकी लौ पूरे देश में फैलेगी। जनसभा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी, पूर्व सांसद अजय निषाद समेत गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे।
राजद, कांग्रेस, भाकपा माले, सीपीएम और वीआइपी के हजारों कार्यकर्ता गांव-गांव से सभा में पहुंचे थे। सभा को सफल बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे।
राहुल गांधी ने कहा कि यह आर्थिक विकास का माडल नहीं, बल्कि वोट चोरी करने का माडल है। जिसे भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया है। उन्होंने कहा कि पहले हमारे पास सबूत नहीं थे, इसलिए हम चुप रहे, लेकिन महाराष्ट्र में हमें इसका सबूत मिल गया है। राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और जनता के मताधिकार को छीन रही है।
करुणानिधि और लालू की मित्रता याद की : स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि उनके नेता करुणानिधि और लालू प्रसाद यादव अच्छे मित्र रहे हैं। लालू यादव देश के प्रमुख नेताओं में रहे हैं। उन्होंने डरकर कभी भाजपा से समझौता नहीं किया।
स्टालिन ने कहा कि आज लालू यादव की राजनीतिक विरासत उनके बेटे तेजस्वी यादव आगे बढ़ा रहे हैं और जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। कहा कि बिहार हमेशा लोकतंत्र की रक्षा का केंद्र रहा है और इस बार भी यहां से बदलाव की आवाज पूरे देश में गूंजेगी।
संवैधानिक अधिकार से वंचित कर रही सरकार : मुकेश साहनी
वीआइपी प्रमुख मुकेश साहनी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम जनता को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित कर रही है। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने दलितों और पिछड़ों को जो अधिकार दिलाए थे, उन्हें मतदाता सूची से नाम काटकर खत्म किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा ने हर युवा को नौकरी देने और विदेश से काला धन लाने का वादा किया था, लेकिन कुछ पूरा नहीं हुआ। अब सरकार वोट चोरी कर राज करना चाहती है। इस बार जनता को इस सरकार को बदलना होगा।
नोटबंदी के बाद अब वोट चोरी : दीपांकर
भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में मतदाता प्रशिक्षण कार्यक्रम के नाम पर एक बड़ी साजिश चल रही है। बाहर काम करने गए बिहारियों का नाम मतदाता सूची से काटा जा रहा है। पहले नोटबंदी हुई, अब वोट चोरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अपराध और अपहरण चरम पर है। सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और अब चुनाव में हार के डर से मतदाताओं के नाम हटवा रही है। उन्होंने दावा किया कि पूरे गठबंधन ने इस साजिश के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।