Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    त्योहारों में शहर के साथ-साथ गंगा भी रहेगी साफ, पूजा सामग्री और मूर्ति विसर्जन के लिए बनाए जा रहे कृत्रिम तालाब

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 11:45 AM (IST)

    पटना नगर निगम दुर्गा पूजा और लक्ष्मी पूजा के दौरान गंगा घाटों की सफाई के लिए तैयार है। मूर्ति विसर्जन के लिए 10 कृत्रिम तालाब बनाए जाएंगे। इन तालाबों पर विसर्जन अनिवार्य होगा उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक मुक्त अभियान भी चलाया जाएगा जिसके लिए जागरूकता टीमें तैनात होंगी।

    Hero Image
    गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए घाटों पर बनेंगे 10 कृत्रिम तालाब

    जागरण संवाददाता, पटना। नगर निगम ने दुर्गा पूजा व लक्ष्मी पूजा के दौरान गंगा घाटों को स्वच्छ रखते हुए पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित करने की पूरी तैयारी कर ली है। मूर्ति व पूजन सामग्री के लिए 10 विशेष कृत्रिम तालाब बनाए जाएंगे। इस दौरान शहर में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि ये कृत्रिम तालाब विभिन्न घाटों पर बनाए जाएंगे। पूजा के समय विसर्जन केवल इन्हीं स्थलों पर किया जा सकेगा। इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे न केवल गंगा को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा बल्कि शहर भी स्वच्छ होगा। इसके अलावा प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत हर तालाब पर जागरूकता टीमें तैनात की जाएंगी।

    नगर आयुक्त ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पर्वों की खुशियों को पर्यावरणीय दायित्व के साथ मनाना है। पहली बार इतने कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं। नागरिक इस अभियान में सहयोग दे स्वच्छ-हरित पटना निर्माण में सहभागी बनें।

    निगम नागरिकों व पूजा समितियों को जागरूक करेगा कि वे मूर्ति व पूजन सामग्री का विसर्जन निर्धारित कृत्रिम तालाबों में करें। इसके उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई एवं जुर्माना लगाया जाएगा।

    इस अभियान को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निगम की जागरूकता टीमें घाटों पर तैनात रहेंगी। ये लोगों को प्लास्टिक रैपर, पालिथीन व अन्य नष्ट नहीं होने वाली सामग्री का प्रयोग नहीं करने को प्रेरित करेंगी।

    दुर्गा पूजा के लिए निर्धारित कृत्रिम तालाब

    पाटलिपुत्र अंचल: दीघा घाट, पाटी पुल घाट

    पटना सिटी अंचल: कंगन घाट, किला घाट, डमराही घाट

    अजीमाबाद अंचल: भद्र घाट (पूर्वी), भद्र घाट (पश्चिमी), चित्रगुप्त तालाब, गाय घाट

    लक्ष्मी पूजा के लिए निर्धारित कृत्रिम तालाब

    अजीमाबाद अंचल: भद्र घाट, महावीर घाट

    पाटलिपुत्र अंचल: दीघा घाट