Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भंग की जाए 17वीं विधानसभा, राज्यपाल को नीतीश कुमार ने सौंपा पत्र, 20 को शपथ ग्रहण

    By Bhuwaneshwar Vatsyayan Edited By: Vyas Chandra
    Updated: Mon, 17 Nov 2025 06:48 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल को 17वीं विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव सौंपा, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। नई सरकार का शपथ ग्रहण 20 नवंबर को होगा। राज्यपाल ने नीतीश कुमार के इस्तीफे और विधानसभा भंग करने के प्रस्ताव को स्वीकार किया। शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को होगा।

    Hero Image

    राज्‍यपाल आरिफ मोहम्‍मद खां को विधानसभा भंग करने का पत्र सौंपते मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, साथ में उपमुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी। जागरण

    राज्य ब्यूरो, पटना। नई सरकार के गठन की प्रक्रिया सोमवार को और तेज हो गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को पत्र सौंपा कि 19 नवंबर को वर्तमान विधानसभा (17 वीं) भंग कर दी जाए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तय कार्यक्रम के तहत 20 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी मैदान में फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।  रविवार को यह चर्चा थी कि मुख्यमंत्री सोमवार को अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपेंगे पर उन्होंने विधानसभा भंग किए जाने का पत्र सौपा।

    राजभवन में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार व मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद थे।

    मुख्यमंत्री 11.45 में राजभवन गए और 12.05 बजे वापस लौटे। वर्तमान विधानसभा को 19 नवंबर को भंग करने का फैसला राज्य कैबिनेट की बैठक में लिया गया।

    सुबह 11.30 बजे कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में केवल यही एजेंडा था। इसे मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने राजभवन जाकर वर्तमान विधानसभा को 19 नवंबर को भंग करने का प्रस्ताव राज्यपाल को सौंप दिया।

    केवल 10 मिनट में बैठक समाप्त हो गई। मंत्री नीरज कुमार बबलू को छोड़ सभी मंत्री राज्य कैबिनेट की बैठक में मौजूद थे। चकाई से चुनाव हार चुके मंत्री सुमित कुमार सिंह भी कैबिनेट की बैठक में पहुंचे थे।

    बुधवार को होगी विधायक दल की बैठक

    जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने राज्य कैबिनेट की बैठक में हुए निर्णय की जानकारी मीडिया को दी। जदयू व भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को होनी थी पर अब बुधवार को जदयू और भाजपा विधायक दल की बैठक होगी।

    दोनों दल अपने विधायक दल की बैठक में अपना नेता चुनेंगे। नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना जाना तय है। राजू तिवारी को लोजपा (आर) विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।

    एनडीए के सभी पांच दलों के विधायक दल की बैठक होने के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। एनडीए सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनडीए विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को होगी।

    यह भी तय माना जा रहा कि नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री सभी पांच घटक दलों के विधायक दल के नेताओं के साथ राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

    मंत्रियों की सूची के साथ एनडीए के दिग्गज दिल्ली गए

    मिली जानकारी के अनुसार मंत्रियों की सूची के साथ रात नौ बजे एनडीए के दिग्गज दिल्ली रवाना हो गए। उच्च स्तर पर दिल्ली में इस सूची पर विमर्श के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।