Bihar Assembly Election 2025: राहुल गांधी बिहार में करेंगे 10 सभाएं, प्रियंका की पांच से छह सभाएं
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। राहुल गांधी की 9-10 और प्रियंका गांधी वाड्रा की 5-6 चुनावी सभाएं प्रस्तावित हैं। मल्लिकार्जुन खरगे भी 3-4 सभाएं करेंगे। इनके अतिरिक्त कई अन्य बड़े नेता भी बिहार में प्रचार करेंगे। राजद की ओर से तेजस्वी यादव महागठबंधन के उम्मीदवारों के लिए चुनावी सभाएं करेंगे। भाकपा माले की कमान दीपंकर भट्टाचार्य संभालेंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) को लेकर कांग्रेस इस बार अति सक्रियता के साथ अपनी चुनावी तैयारियों को अंजाम दे रही है। अब जबकि चुनाव की घोषणा हो चुकी है तो बड़े नेताओं की चुनावी सभाओं का सिलसिला शुरू होगा।
कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी की अब तक बिहार में नौ से 10 चुनावी सभाएं करने की योजना है, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा की भी पांच से छह चुनावी सभाएं प्रस्तावित हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस को अब तक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जो संभावित कार्यक्रम मिले हैं उसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा खरगे की तीन से चार चुनावी सभाएं करने की बात है।
कांग्रेस के इन तीन वरिष्ठ नेताओं के अलावा राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिव पायलट, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा दूसरे कई बड़े नेताओं की यहां सभाएं होगी।
कांग्रेस प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने बताया कि पार्टी फिलहाल स्टार वक्ताओं के नाम तय कर रही है। दो-चार दिनों के अंदर स्टार वक्ताओं के नाम जारी कर दिए जाएंगे।
इधर दूसरी ओर, राजद के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव राजद की ओर से चुनावी सभाओं को लीड़ करेंगे। वे राजद के साथ महागठबंधन के अन्य दलों के उम्मीदवारों के लिए भी प्रचार करेंगे। पार्टी फिलहाल उनकी चुनावी सभाओं का कार्यक्रम तय कर रही है।
पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि दो-चार दिनों में तेजस्वी यादव के चुनाव प्रचार का कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। तेजस्वी के साथ ही भाकपा माले की ओर से प्रचार की कमान दीपंकर भट्टाचार्य संभालेंगे। उनके साथ राष्ट्रीय स्तर के अन्य नेता भी मंच शिरकत करेंगे। भाकपा माले भी वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रम तय करने में जुटी है।
मुख्य न्यायाधीश नहीं, यह हमला भारत के संविधान पर : राजेश राम
दूसरी ओर, देश के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना के बाद कांग्रेस आक्रामक हो गई है। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फेंस कर कहा कि मुख्य न्यायाधीश पर हमले का कृत्य हुआ है वह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि भारत के संविधान, उसकी आत्मा और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर सीधा प्रहार है।
भावुक होते हुए राजेश ने कहा कि यह वही देश है जहां बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से हर व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान का हक दिया, परंतु आज जब एक दलित अपनी योग्यता और निष्ठा के बल पर देश की सर्वोच्च न्यायिक कुर्सी पर विराजमान है, तब एक विशेष विचारधारा को यह स्वीकार नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से इंटरनेट मीडिया पर आरएसएस-भाजपा मानसिकता से प्रेरित लोग मुख्य न्यायाधीश के विरुद्ध घृणा और जहर फैला रहे थे। उसी विषैली मानसिकता की परिणति यह घटना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है जूता भारत की संवैधानिक अस्मिता पर फेंका गया है। बाबा साहेब के आदर्शों पर मारा गया है, और देश के दलितों के आत्मसम्मान पर मारा गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, के. सी. वेणुगोपाल सहित समूची कांग्रेस पार्टी ने इस घटना की तीव्र निंदा की है और कहा है कि मुख्य न्यायाधीश पूरी निर्भीकता से हमारे संविधान और उसमें प्रदत्त शक्तियों के तहत अपने निर्णयों से संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करें। समूचा भारतवर्ष आपके साथ खड़ा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।