Bihar Dhan Kharid: राज्य में 50 दिनों में सिर्फ 3.90 लाख टन धान की खरीद, अब तक 48,655 किसानों ने सरकारी केंद्रों पर बेची फसल
Bihar Dhan Kharid 2023 बिहार में इस वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू हुए 50 दिन बीत चुके हैं लेकिन कुल लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 8.15 प्रतिशत धान खरीदा जा सका है। सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में प्रदेश में कुल 45 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया। इसके विरुद्ध एक नवंबर से 19 दिसंबर तक 48655 किसानों से 3.90 टन धान खरीदा गया।

दीनानाथ साहनी, पटना। बिहार में इस वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू हुए 50 दिन बीत चुके हैं, लेकिन कुल लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 8.15 प्रतिशत धान खरीदा जा सका है। सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में प्रदेश में कुल 45 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है।
इसके विरुद्ध एक नवंबर से 19 दिसंबर तक 48,655 किसानों से 3.90 टन धान खरीदा गया है। पूरे प्रदेश में इस वर्ष धान खरीद की रफ्तार पिछले साल की तुलना में बेहद कम है। पिछले साल इस समयावधि में 5.23 टन धान खरीद हुई थी।
धान खरीद के लिए प्रदेश में 7387 क्रय केंद्र हैं। सहकारिता विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में देर से रोपनी हुई थी, इसलिए धान कटनी की रफ्तार धीमी है। अगले पखवारे से धान खरीद की रफ्तार जोर पकड़ेगी।
13 जिलों में 2 से 3 प्रतिशत धान क्रय
राज्य में धान की सरकारी खरीद का प्रदर्शन इतना खराब है कि 13 जिलों में 2 से 3 प्रतिशत मात्र धान खरीद हो पायी है। ये जिले पटना, मुंगेर, गोपलगंज, नवादा, जहानाबाद, भोजपुर, जमुई, बक्सर, दरभंगा, मधुबनी, औरंगाबाद, अरवल और लखीसराय हैं जहां पर सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद की रफ्तार जोर नहीं पकड़ पायी है।
इससे इतर, सुपौल में सर्वाधिक 28 प्रतिशत धान खरीद हुई है, जबकि मधेपुरा में 20 प्रतिशत, सहरसा एवं मुजफ्फरपुर में 17-17 प्रतिशत, सारण में 16.25 प्रतिशत, सीतामढ़ी में 15.9 प्रतिशत, बेगूसराय में 15 प्रतिशत, अररिया में 14.45 प्रतिशत, खगडिय़ा में 13.8 प्रतिशत, सिवान में 13 प्रतिशत, किशनगंज में 13.57 प्रतिशत, पूर्णिया, शिवहर एवं समस्तीपुर में 12 प्रतिशत, नालंदा में 10.75 प्रतिशत, पश्चिम चंपारण में 10 प्रतिशत, वैशाली में 9.65 प्रतिशत, गया में 9.13 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 9 प्रतिशत, कैमूर में 8.85 प्रतिशत, कटिहार में 6.76 प्रतिशत, शेखपुरा में 6.23 प्रतिशत, भागलपुर में 6 प्रतिशत, बांका में 5.73 प्रतिशत, रोहतास में 5.34 प्रतिशत धान खरीद हुई है।
धान खरीद में तेजी लाने के दिए निर्देश
सहकारिता मंत्री डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने धान खरीद की समीक्षा करने के बाद अफसरों को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि क्रय एजेंसियों द्वारा संचालित किए जा रहे सभी क्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण कराया जाए और किसानों की खरीद संबंधी समस्याओं का समय से निराकरण कराया जाए।
समीक्षा में यह बात भी सामने आई कि जिन किसानों से धान खरीद की गई है, उनमें 76 प्रतिशत ज्यादा किसानों को डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में राशि भुगतान किया जा चुका है। जिन किसानों को राशि भुगतान में विलंब हो रही है उन किसानों ने बैंक खातों का केवाईसी नहीं कराया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।