Bihar Election 2025: पहले चरण की 121 सीटों पर कांटे की टक्कर, NDA-महागठबंधन में होगा कड़ा मुकाबला
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर कांटे की टक्कर होने की संभावना है। 2020 के चुनाव में इन सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर थी, जिसमें महागठबंधन को मामूली बढ़त मिली थी। इस बार समीकरण बदलने से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। दरभंगा और तिरहुत में एनडीए को बढ़त मिली थी, जबकि मगध और कोसी क्षेत्र में महागठबंधन का प्रभाव अधिक था।

व्यास चंद्र, पटना। विधानसभा चुनाव के पहले चरण में छह नवंबर को 121 सीटों पर मतदान होना है। ये सीटें 2020 के चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच करीब-करीब बराबर बंट गई थी, जहां महागठबंधन को मामूली बढ़त मिली थी।
इस बार इन सीटों पर फिर से जोरदार संघर्ष तय है, लेकिन समीकरणों में कई बदलाव ने मुकाबले को और पेचीदा बना दिया है। पिछली बार इन 121 में से राजग को 59 सीटें मिली थीं। बाद में लोजपा का एक विधायक जदयू में सम्मिलित हो गया था तो यह आकड़ा 60 पर पहुंच गया था।
दरभंगा और तिरहुत में NDA को बढ़त
इसमें भाजपा को 32, जदयू को 23 और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को चार सीटें मिली थीं। वीआईपी तब राजग का हिस्सा थी। महागठबंधन को 61 सीटों पर सफलता मिली थी। उसमें राजद को 42, कांग्रेस को आठ, भाकपा-माले को सात तथा भाकपा और माकपा को दो-दो सीटों पर जीत मिली थीं।
चुनाव परिणाम पर गौर करें तो क्षेत्रवार प्रदर्शन में भी बाजी बंटी रही। दरभंगा और तिरहुत प्रमंडल में एनडीए ने बढ़त बनाई थी, जबकि मगध और कोसी क्षेत्र में महागठबंधन का प्रभाव अधिक देखने को मिला।
वहीं दूसरे चरण के अंतर्गत जिन 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा, उनमें 66 सीटें एनडीए के पास थीं। 49 सीटों पर महागठबंधन का कब्जा था। यहां एनडीए कुछ भारी पड़ा था। इस प्रकार, दोनों चरणों में 243 सीटों की लड़ाई में किसी भी गठबंधन को निर्णायक बहुमत के लिए हर सीट महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
2020 में एनडीए की सीटें
भाजपा : दरभंगा, हायाघाट, केवटी, जाले, औराई, पारू, बरूराज, बरौली, गोपालगंज, दरौंदा, तरैया, गोरियाकोठी, छपरा, अमनौर, हाजीपुर, लालगंज, पातेपुर, मोहिउद्दीननगर, रोसड़ा, बछवारा, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, बिहारशरीफ, बाढ़, दीघा, बांकीपुर, कुमहरार, पटना साहिब, बरहरा, आरा व सहरसा।
जदयू : अस्थावां, राजगीर, हिलसा, नालंदा, हरनौत, आलमनगर, बिहारीगंज, सोनवर्षा, महिषी, कुशेश्वरस्थान, बेनीपुर, बहादुरपुर, सकरा, कुचायकोट, भोरे, वैशाली, कल्याणपुर, वारिसनगर, सरायरंजन, बेलदौर, परबत्ता, तारापुर व बरबीघा।
वीआईपी : गौराबौराम, अलीनगर, बोचहां व साहेबगंज। लोजपा : मटिहानी
2020 में महागठबंधन की सीटें
राजद : चेरिया बरियारपुर, साहेबपुर कमाल, अलौली, सिंहेश्वर, हथुआ, मधेरा, सिमरी बख्तियारपुर, दरभंगा ग्रामीण, गायघाट, कुढ़नी, मीनापुर, कांटी, बैकुंठपुर, सिवान, रघुनाथपुर, बड़हरिया, एकमा, बनियापुर, मढ़ौरा, गड़खा, परसा, सोनपुर, महुआ, राघोपुर, महनार, सूर्यगढ़ा, शेखपुरा, इस्लामपुर, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा, दानापुर, मनेर, मसौढ़ी, संदेश, जगदीशपुर, ब्रह्मपुर, शाहपुर, समस्तीपुर, उजियारपुर, मोरवा व हसनपुर।
कांग्रेस : मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, राजापाकर, खगड़िया, जमालपुर, बिक्रम, बक्सर व राजपुर।
भाकपा-माले : जीरादेई, दरौली, फुलवारी, पालीगंज, अगियांव, तरारी व डुमरांव।
भाकपा : तेघड़ा व बखरी।
माकपा : मांझी व विभूतिपुर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।