पटना में मतदान बढ़ाने की अनोखी पहल: मेहंदी-रंगोली से जागरूकता, 12 अक्टूबर को साइकिल रैली
पटना जिला प्रशासन ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया। महिलाओं ने मेहंदी रचाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। प्रशासन का लक्ष्य विधानसभा चुनाव में 66% मतदान कराना है। 12 अक्टूबर को साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं और नए मतदाताओं को जागरूक करना है। डीएम ने सभी से रैली में भाग लेने का आग्रह किया है ताकि मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सके।
-1760133224111.webp)
हाथों में मेहंदी रचाकर मतदान को किया प्रेरित। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, पटना। मतदान प्रतिशत बढ़ाने लिए जिला प्रशासन तमाम कोशिशें कर रहा है। इस सिलसिले में शुक्रवार को मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गयी।
महिलाओं ने मेहंदी रचाकर लोगों से मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने को प्रेरित किया। इस बार लक्ष्य विधानसभा चुनाव में 66 प्रतिशत या इससे अधिक मतदान कराना है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डा. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर 20 विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को इस काम में लगाया गया है।
शुक्रवार को विभिन्न प्रखंडों में पौधारोपण, मेहंदी प्रतियोगिता, रंगोली बनाने समेत कई गतिविधियां आयोजित कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
डीएम ने बताया कि इसी क्रम में 12 अक्टूबर (रविवार) को एक साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली स्वीप कोषांग के बैनर तले आयोजित की जाएगी।
सुबह छह बजे जेपी गंगापथ के रोटरी गोलंबर से शुरु होकर यह नौ किलोमीटर दूर कृष्णा घाट पर समाप्त होगी। रैली में सैकड़ों साइकिलिस्ट, युवाओं, महिलाओं, दिव्यांग, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, छात्र-छात्राएं, सरकारी कर्मी व सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
इसमें सबसे अधिक संख्या उन युवाओं की होगी जो पहली बार मतदाता बन रहे हैं। इसका उद्देश्य सभी वर्गों के मतदाताओं, विशेषकर नए मतदाताओं, महिलाओं, युवाओं व दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति जागरूक करना है ताकि वे लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य इस बार जिले में मतदान प्रतिशत लगभग 66 प्रतिशत तक पहुंचाना है और इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी ज़रूरी है।
डीएम ने साईकिल रैली को सफल बनाने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी आदि को समन्वय कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एसपी ट्रैफिक, सिविल सर्जन, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, अपर जिला दंडाधिकारी, पटना सदर के अनुमंडल पदाधिकारी इसमें अपना योगदान देंगे। डीएम ने सभी प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे सुबह 5.30 बजे तक जेपी गंगापथ के रोटरी गोलंबर पर पहुंच जाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।