Bihar Election Result: 'मतगणना में गड़बड़ी हुई तो जनता जवाब देगी', तेजस्वी ने कहा- '2020 की गलती न दोहराएं अधिकारी'
बिहार चुनाव परिणाम को लेकर तेजस्वी यादव ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि मतगणना में गड़बड़ी हुई तो जनता जवाब देगी। उन्होंने 2020 की गलती न दोहराने की अपील की और निष्पक्ष मतगणना की मांग की। महागठबंधन ने सरकार बनाने का दावा किया है। चुनाव आयोग ने मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है।

महागठबंधन प्रेस कॉन्फ्रेंस
राज्य ब्यूरो, पटना। महागठबंधन ने चुनाव आयोग और राज्य सरकार के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे मतगणना की निष्पक्षता की गारंटी करें। किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई तो जनता जवाब देगी।
गुरुवार की देर शाम बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लाबारू, भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी, भाकपा के रामबाबू कुमार और माकपा के ललन चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने महागठबंधन को सरकार बनाने का जनादेश दिया है।
मतगणना में गड़बड़ी कर इसे रोकने का प्रयास नहीं किया जाए। अधिकारी संविधान से बंधे हैं। उन्हें जनादेश को बाधित करने के किसी षडयंत्र में नहीं शामिल होना चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि अधिकारी 2020 के विधानसभा चुनाव की गलतियों को न दोहराएं, जब धांधली कर महागठबंधन की कई सीटें एनडीए के पक्ष में कर दी गई थी।
सभी नेताओं ने कहा कि उनके दलों के कार्यकर्ता धांधली रोकने के लिए सचेष्ट हैं। वे मतगणना केंद्र के आसपास बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। यह अधिकारियों के हक में होगा कि मतगणना में गड़बड़ी करने का दुस्साहस नहीं करें।
तेजस्वी ने कहा कि वे लंबे समय तक चीजों को याद रखते हैं। अगर अधिकारी ईमानदार हैं तो उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर कुछ अधिकारियों पर गड़बड़ी करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
इसके लिए शुक्रवार को भी माहौल बनाया जाएगा। लेकिन, इससे फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने आशंका जाहिर की कि महागठबंधन की जीत वाली सीटों पर मतगणना सुस्त होगी। एनडीए के पक्ष का परिणाम जल्द घोषित कर दिया जाएगा।
2020 में भी ऐसा ही हुआ था। स्वयं उन्हें राघोपुर से जीत का प्रमाण पत्र रात के दो बजे दिया गया था। विपक्ष के नेता ने कहा कि विधानसभा के पिछले चुनाव की तुलना में 80 लाख अधिक लोगों ने मतदान किया है। यह मतदान बदलाव के लिए है। महागठबंधन के पक्ष में है।
सुनील सिंह से पूछिए
तेजस्वी यादव ने अपने विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह की उस धमकी से पल्ला झाड़ लिया, जिसमें सिंह ने मतगणना में गड़बड़ी पर नेपाल जैसी हालत पैदा करने की घोषणा की थी। तेजस्वी ने कहा-इस पर उन्हीं से पूछ लीजिए।
सहनी ने दिया निमंत्रण
पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ले पत्रकारों को 18 नवंबर के शपथ ग्रहण समारोह में आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनेगी। दो सौ सीटों पर हमारी जीत होने जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।