Bihar Chunav 2025: नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ी, बिना पहचान पत्र के प्रवेश नहीं; जल्द सील होगा बॉर्डर
बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीतामढ़ी, मधुबनी, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण के सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। बिना पहचान पत्र के प्रवेश निषेध है और जाली नोट, शराब तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मतदान केंद्रों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है और सीमा को चुनाव से 72 घंटे पहले सील कर दिया जाएगा।
-1761972453260.webp)
जागरण टीम, पटना। विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर बिहार से लगती नेपाल सीमा से जुड़े सीतामढ़ी, मधुबनी, पूर्वी व पश्चिम चंपारण के 13 विधानसभा क्षेत्रों में सख्ती बरती जा रही है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। बिना पहचान पत्र के किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा।
चुनाव में जाली नोट खपाने, शराब व हथियारों की तस्करी और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मधुबनी के कुल सात प्रखंड नेपाल सीमा के करीब हैं। ये प्रखंड चार विधानसभा क्षेत्रों के हैं। खजौली विधानसभा क्षेत्र में जयनगर और बासोपट्टी प्रखंड के 65 मतदान केंद्र सीमा से सटे हैं।
इसी तरह हरलाखी विधानसभा क्षेत्र के हरलाखी और मधवापुर के 62, बाबूबरही विधानसभा क्षेत्र के लदनियां में 25, लौकहा विधानसभा के लौकही और खुटौना प्रखंड में 70 मतदान केंद्र सीमा से सटे हैं।
ये सीमा से करीब एक किलोमीटर के दायरे में हैं। इन मतदान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही। अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
स्कूल बसों की तलाशी, जंगल के रास्तों पर निगरानी
पश्चिम चंपारण में नेपाल सीमा से सटे सिकटा विधानसभा क्षेत्र के 15 और रामनगर क्षेत्र में गौनाहा प्रखंड के 10 मतदान केंद्र हैं। सिकटा, इनरवा और भिखनाठोरी सीमा पर भी पहचान पत्र देखने के बाद ही इंट्री मिल रही है। 24 घंटे जांच हो रही है। स्कूली बसों की भी तलाशी ली जा रही है।
बार्डर से जुड़े ग्रामीण रास्तों पर भी एसएसबी और पुलिस की पेट्रोलिंग हो रही है। यहां सीमा से जुड़ीं सात पगडंडियों पर चेकपोस्ट बनाया गया है। वन विभाग की ओर से जंगली रास्तों पर निगरानी की जा रही है।
वाल्मीकिनगर सीमा, गंडक पार के पिपरासी, भितहा, ठकराहा व मधुबनी प्रखंड से जुड़ी उत्तर प्रदेश की सीमा पर चेकपोस्ट बनाकर आने-जाने वालों की जांच की जा रही है। पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल के जवानों को लगाया गया है। नेपाल एपीएफ व एसएसबी का संयुक्त रूट मार्च चल रहा है।
मतदान से 72 घंटे पहले सील होगी सीमा
सीतामढ़ी जिले में रीगा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बैरगनिया में 201, बथनाहा में 257, परिहार में 266 व सुरसंड में 176 मतदान केंद्र सीमा से सटे हैं। पूर्वी चंपारण में रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में 108 और नरकटिया में 48 मतदान केंद्र सीमा से सटे हैं।
एसएसबी 20वीं बटालियन के कमांडेंट गिरीश चंद्र पांडेय का कहना है कि जिला प्रशासन के साथ एसएसबी सीमा पर पूरी तरह चौकस है। चुनाव से 72 घंटे पहले सीमा सील कर दी जाएगी।
गश्त नियमित और समन्वय बैठक भी
अररिया जिला से सटी सीमा पर एसएसबी के साथ-साथ स्थानीय थाना की पुलिस और बीएसएफ जवान तैनात हैं। चुनाव के मद्देनजर जगह-जगह चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां फ्लाइंग स्क्वाड के साथ सुरक्षा जांच में पुलिस और सुरक्षा बल लगे हैं।
समय-समय पर सीमा की सुरक्षा का जायजा एसएसबी के कमांडेंट भी ले रहे हैं। सीमा पर आने-जाने वालों की सख्ती से जांच हो रही है। किशनगंज के सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी के अलावा बिहार पुलिस नियमित और निरंतर गश्त लगा रही है।
नेपाल और भारत के अधिकारियों ने समन्वय बैठक भी की है। सुपौल के सीमावर्ती क्षेत्रों में नए चेक पोस्ट भी बना दिए गए हैं। सख्त पड़ताल के बाद ही आने जाने दिया जा रहा है। वाहनों की गहन जांच की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।