छठ पर्व और चुनाव का संगम: गीतों में मोदी-नीतीश, महागठबंधन ने प्रवासियों की पीड़ा जताई
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार में छठ पर्व की झलक दिख रही है। भाजपा ने मोदी-नीतीश के नाम के छठ गीत का वीडियो साझा किया। जदयू ने ठेकुआ बनाती महिलाओं का एआइ वीडियो शेयर किया, जिसमें महिला रोजगार योजना का जिक्र है। वहीं, कांग्रेस ने प्रवासियों की हाउसफुल ट्रेनों को मजदूर एक्सप्रेस बताकर उनकी पीड़ा को दर्शाया है।

जदयू ने अपने फेसबुक पेज पर जारी किया छठ से जुड़ा एआइ वीडिया
कुमार रजत, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के चुनाव प्रचार में महापर्व छठ का रंग भी दिखने लगा है। भाजपा बिहार ने अपने फेसबुक पेज पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नाम का जिक्र करता हुआ छठ गीत गाती महिलाओं का वीडियो शेयर किया है, तो जदयू ने छठ के लिए ठेकुआ का प्रसाद बनातीं महिलाओं की चुनावी चर्चा का एआइ वीडियो शेयर किया है। वहीं महागठबंधन के दल छठ पर घर लौट रहे प्रवासियों का दर्द अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर कर रहे हैं।
भाजपा बिहार ने अपने फेसबुक पेज पर छठ गीत गातीं महिलाओं का वीडियो शेयर किया है। इसमें महिलाएं गाती हैं- ''हमरो जे मोदी चाचा स कवन अइसन नेता हो उनके लागी... हमरो जे नीतीश चाचा स कवन अईसन नेता हो उनके लागी... हम करली छठ वरतिया हो उनके लागी।'' जदयू ने अपने फेसबुक पेज पर छठ से जुड़े एआइ वीडियो शेयर किए हैं।
पहले वीडियो में महिलाएं छठ के लिए ठेकुआ का प्रसाद बनाते हुए कहती हैं कि नीतीश जी के महिला रोजगार योजना की पूंजी से जो आमदनी हुई उसी से तो पूजा का सारा सामान मंगाया है। अब हम खुद से कमाते हैं, खुद से छठ करते हैं। इसी तरह एक दूसरे एआइ वीडियो में मां-बेटी ठेकुआ बना रही हैं। बेटी कहती हैं कि मां अगर भइया भी छठ पर आ जाते तो कितना अच्छा होता। उसी समय बेटा घर आता है और कहता है कि नीतीश जी की त्योहार स्पेशल बस सेवा ने आपसे मिलना आसान कर दिया। महिला कहती है कि इस बार हर छठ व्रती अपने परिवार के साथ नीतीश जी के लिए प्रार्थना जरूर करेगी।
कांग्रेस ने हाउसफुल ट्रेनों को बताया मजदूर एक्सप्रेस
कांग्रेस ने प्रवासी बिहारियों को छठ पर लेकर आ रही हाउसफुल ट्रेनों की तस्वीर मजदूर एक्सप्रेस के नाम से शेयर की है। इसमें राजस्थान, जम्मू समेत दूर-दराज से आने वाले बिहारी दर्द बताते हैं कि वह 24 घंटे से शौचालय भी नहीं जा पाए हैं। पानी भी कम पी रहे हैं।
कांग्रेस के साथ वीआइपी ने भी ऐसे ही प्रवासियों के वीडियो अपने फेसबुक पेज पर शेयर किए हैं। एक वीडियो में युवा कहता है कि वह ग्रेजुएट है और बीएड कर रहा है मगर बिहार में नौकरी न मिल पाने के कारण बाहर कंस्ट्रक्शन लाइन में काम रहा है। युवा भावुक होकर कहता है कि घर की बहुत याद आती है। हम अकेले बेटे हैं। हमें बाहर गाली दी जाती हैं। हम बिहारियों को रोजगार की जरूरत है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।