Bihar Voter List: ये हैं बिहार की सबसे बुजुर्ग मतदाता! उम्र 120 साल, अफसरों को भी कहना पड़ा- 'गजब'
भागलपुर की आशा देवी जिनकी आयु मतदाता सूची में 120 वर्ष दर्ज है बिहार की सबसे वृद्ध मतदाता हैं। 1905 में जन्मीं आशा देवी ने हर चुनाव में मतदान करने का प्रयास किया है और इस बार भी उनकी ललक चरम पर है। निर्वाचन आयोग ने जांच में उनकी उम्र को सही पाया है। वे लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था का प्रतीक हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। मतदाता-सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में अभी भागलपुर की आशा देवी सुर्खियों में हैं। इस सूची में उनकी आयु 120 वर्ष दर्ज है। 01 जनवरी, 1905 को उनका जन्म हुआ था। जब से मतदान के योग्य हुईं, तब से हर चुनाव में वोट देने का प्रयास रहा है। इस बार विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए ललक चरम पर है।
आशा देवी संभवत: बिहार की सर्वाधिक वृद्ध मतदाता हैं। वह बताती हैं कि देश के साथ प्रदेश में भी कई सरकारों को आते-जाते देख चुकी हैं।
परतंत्रता के दिनों में अंग्रेजों का शासन भी देखा है और स्वतंत्र भारत के सबसे बड़े लोकतांत्रिक पर्व में सहभागी होती रही हैं। विधानसभा चुनाव में मतदान कर पाईं तो यह उनका सौभाग्य होगा।
पीरपैंती विधानसभा सीट की मतदाता सूची में दर्ज है नाम
आशा देवी का नाम जिस पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र की मतदाता-सूची में दर्ज है, वह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वे पीरपैंती के फेंकू टोला, वार्ड नंबर पांच की निवासी हैं। पति का नाम चलितर मंडल है।
इनकी उम्र को लेकर प्रश्न उठने पर निर्वाचन आयोग ने जांच कराई। जिलाधिकारी की देखरेख में हुए सत्यापन में यह स्पष्ट हुआ कि आशा देवी जीवित हैं और उनके आधार कार्ड पर दर्ज जन्मतिथि (01 जनवरी, 1905) सही है।
बीएलओ ने पड़ोसियों से किया कन्फर्म
बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) फरजाना खातून द्वारा किए गए स्थलीय सत्यापन में पड़ोसियों ने भी उनकी उम्र के संदर्भ में कुछ यही पुष्टि की। इससे प्रमाणित हो गया कि आशा देवी वास्तव में 120 वर्ष की हैं।
उनसे मिलने के बाद अधिकारियों ने कहा कि चुनावी व्यवस्था में उनकी आस्था गजब की है। लोकतंत्र के प्रति आस्था की वे अप्रतिम उदाहरण हैं।
यह भी पढ़ें- विपक्ष का मुद्दा बनीं सिवान की 35 वर्षीय मिंता देवी, voter List में 125 साल है उम्र; जानें कैसे हुई चूक?
यह भी पढ़ें- बिहार में हो गया खेला, मुर्दा भी हो गया जिंदा! ससुराल में रह रही बेटियों का भी... आप भी चेक करें अपना नाम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।