मुहर्रम 2026 पर बिहार में हाई अलर्ट: बिना लाइसेंस जुलूस नहीं, डीजे-भड़काऊ गानों पर रोक
बिहार सरकार ने मुहर्रम पर्व के लिए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की व्यापक तैयारी की है। बिना लाइसेंस जुलूस, डीजे, भड़काऊ गाने और सांप्रदायिक नारेबाजी पर ...और पढ़ें

मुहर्रम 2026 पर बिहार में हाई अलर्ट: बिना लाइसेंस जुलूस नहीं, डीजे-भड़काऊ गानों पर रोक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, पटना। मुहर्रम पर्व को लेकर बिहार सरकार ने राज्यभर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कोई भी मुहर्रम जुलूस बिना लाइसेंस के नहीं निकाला जाएगा। जुलूसों में डीजे, भड़काऊ गानों और सांप्रदायिक नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शांति समितियों को सक्रिय करने और संवेदनशील क्षेत्रों में सामुदायिक समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर के उपयोग संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। निर्धारित डेसिबल सीमा का उल्लंघन करने या प्रतिबंधित समय में लाउस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।
पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों को सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और सघन गश्ती सुनिश्चित करने, जुलूसों के विवादित मार्गों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट, वीडियो या टिप्पणियों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शांति भंग करने की आशंका वाले तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। जुलूसों में विवादास्पद झांकियों, आपत्तिजनक चित्रों तथा लाइसेंस की शर्तों के बाहर किसी भी प्रकार के हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
आयोजकों से सुरक्षा बंधपत्र भरवाना भी अनिवार्य किया गया है। सरकार ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए चेतावनी दी है कि किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
राज्य सरकार ने सभी नागरिकों से मुहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और पारंपरिक सौहार्द के साथ मनाने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।