Bihar Weather: झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, रोहतास-औरंगाबाद सहित इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
बिहार में मानसून की सुस्त चाल के बीच बुधवार देर रात झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में तेज हवा मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। बीते 24 घंटों में कई जिलों में हल्की बारिश हुई वाल्मीकि नगर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather: राजधानी में बुधवार की देर रात हुई वर्षा से लोगों को उमस से राहत मिली। दिन भर तीखी धूप की वजह से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन की संभावना है।
रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, जमुई एवं बांका जिले में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी है। कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी भी हो सकती है।
बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, बांका, जमुई, नवादा, मुंगेर, अररिया जिले के कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में 29.2 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। राजधानी व आसपास इलाकों में नमी युक्त हवा के कारण उमस का प्रभाव बना रहा।
बुधवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना के अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 33.9 डिग्री सेल्सियस जबकि 38.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अगले 5 दिनों के दौरान तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
उमस भरी गर्मी जारी, सप्ताह के अंत में वर्षा की संभावना
आरा में बीते सप्ताह हुई मूसलधार वर्षा के दो दिन बाद ही मानसून ने मुंह मोड़ लिया है। ऐसे में बुधवार को भी दिन भर आसमान में छाए बादल छाए रहे, पर वर्षा की एक बूंद भी धरती पर नहीं गिरी। बीते सप्ताह हुई भारी बरसात के बाद उमस भरी गर्मी का कहर भी शुरू हो गया है।
वर्षा से बचने के लिए छाता लेकर घर से बाहर निकले लोगों के लिए उनकी छतरी दोपहर में धूप से बचाने के काम आ रही है। बुधवार को उमस भरी गर्मी का असर स्कूली बच्चों पर भी दिख रहा था। स्कूल गए बच्चे वापस लौटने के दौरान पसीने से लथपथ नजर आ रहे थे।
इधर चार दिनों से जारी बिजली की आंख-मिचौनी से भी उमस भरी गर्मी की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। वहीं दोपहर में बढ़ी मौसम की तल्खी के कारण घर में चल रहे पंखे और कूलर तक बेअसर साबित हो रहे थे।
बुधवार को 27 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हुई दिन की शुरूआत दोपहर में 34 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम स्तर पर पहुंच चुकी थी, पर शाम होते-होते उमस भरी गर्मी के बीच फिर से आसामान में बादल छा गए, जो लोगों को सिर्फ ललचाते ही रह गए। मौसम विज्ञानियों की मानें तो सप्ताह के अंत में वर्षा होने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।