Patna News: धनरूआ से लापता प्रेमी युगल की हत्या, रेलवे ट्रैक पर छह टुकड़ों में मिला शव; कुछ दिन पहले की थी शादी
धनरूआ में एक दुखद घटना घटी जहां अगवा किशोरी और उसके प्रेमी का शव रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिला। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और दोनों की हत्या कर शवों को ठिकाने लगाया गया। किशोरी की दादी ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस जांच कर रही है और इलाके में तनाव व्याप्त है।

संवाद सूत्र, धनरुआ। छह दिन पूर्व धनरुआ से अगवा किशोरी और प्रेमी का शव शुक्रवार की सुबह पुनपुन के केवड़ा थाना अंतर्गत चन्दनगर रेलवे ट्रैक पर छह टुकड़ों में मिलने से हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही धनरूआ, केवड़ा, पुनपुन थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों की पहचान धनरूआ की 15 वर्षीय किशोरी और सिगरामपुर गांव के 19 वर्षीय सुबोध यादव उर्फ लोहा यादव के रूप में हुई।
बीते छह सितंबर को किशोरी के अगवा करने की बात सामने आई थी। इस मामले में उसकी दादी ने सात सितंबर को अगवा करने का आरोप लगाते हुए तीन नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस किया था।
घटनास्थल पर एफएसएल और श्वान दस्ता को भी बुलाया गया था। शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है मामला
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है दोनों की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या की गई।
शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। डीएसपी 2 कन्हैया सिंह, केवड़ा, पुनपुन और धनरुआ पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
दोनों का गांव आसपास ही है। बताया जा रहा है कि किशोरी और लोहा यादव प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो किशोरी के परिवार वालों को पसंद नहीं था। इसी बीच लोहा ने छह सितंबर की शाम अपने तीन दोस्तों के साथ किशोरी को रामकृष्णानगर ले गया। वहां उससे शादी कर ली थी।
दोनों ने शादी की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर साझा की थीं। शादी के बाद लोहा रामकृष्णानगर में अपने दोस्त ऑटो चालक प्रियांशु के कमरे में रह रहा था। इस बात की सूचना किशोरी के स्वजनों को हुई।
इसके बाद किशोरी की दादी ने लोहा और उसके दोस्तों के खिलाफ अगवा करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस किशोरी के स्वजनों की तलाश में जुटी है। साथ ही लोहा के उन दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस की एक टीम रामकृष्णानगर में जांच करने पहुंची थी। किशोरी और लोहा के साथ ही कई अन्य मोबाइल नंबरों का डिटेल निकाला जा रहा है। साथ ही जिन पर संदेह है उनके मोबाइल का आखिरी लोकेशन पता किया जा रहा है।
शव को देखने से पुलिस आशंका व्यक्त कर रही है कि आधी रात के बाद दोनों का शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया, जिसपर से ट्रेन गुजरने से शव कट गया। घटना में चार या उससे अधिक लोगों के शामिल हो सकते है।
यह भी बातें सामने आ रही है कि किशोरी के अगवा करने में लोहा सहित जिन दो अन्य युवकों का नाम सामने आ रहा था, उसमें एक ऑटो चालक अभी भी लापता है। पुलिस उसकी भी तलाश में जुटी है।
बार बार किशोरी को उठाकर ले जाने की धमकी देता था लोहा
पुलिस की मानें तो लोहा यादव के खिलाफ धनरुआ और नालन्दा के करायपशुराय थाने में लूट का मामला भी दर्ज है। लोहा की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। ग्रामीणों की मानें तो कि लोहा बार-बार किशोरी के घर जाकर धमकी देता था और उसे उठाकर ले जाने की बात कहता था।
एक सप्ताह पूर्व भी लोहा और उसके साथियों ने किशोरी के घर पर चढ़कर गाली-गलौज की थी। घटना के बाद किशोरी की मां ने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी थी और एक वीडियो भी दिया था, जिसमें लोहा गाली-गलौज कर रहा था।
यह भी बताया जा रहा है कि पांच साल पूर्व किशोरी के चाचा से लोहा की बहन से दोस्ती हुई थी। शादी की बात कही, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
टाइमलाइन
- 6 सितंबर की शाम: किशोरी को अगवा किया गया।
- 7 सितंबर: किशोरी की दादी ने मामला दर्ज कराया।
- 8 सितंबर: इंटरनेट मीडिया पर दोनों की शादी फोटो।
- 11 सितंबर: स्वजन को सूचना मिली कि दोनों रामकृष्णा नगर में हैं।
- 12 सितंबर: सुबह रेलवे ट्रैक पर दोनों का शव मिला।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।