गंगा स्नान के दौरान में छह किशोर डूबे, दो की मौत
पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। चार किशोरों को स्थानीय लोगों ने बचाया। मृतकों की पहचान अंशु कुमार और सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने गोताखोरों के देर से पहुंचने पर आक्रोश जताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गंगा स्नान के दौरान में छह किशोर डूबे
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बालू घाट पर शुक्रवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना में चार किशोरों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। जैसे ही डूबने की सूचना फैली, आसपास के मोहल्लों में अफरा तफरी मच गई और दूर-दूर से लोग गंगा तट पर पहुंचने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, गोताखोरों के समय पर न पहुंचने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
चार किशोर अचानक डूबने लगे
स्थानीय निवासियों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह लगभग 10:30 बजे दीदारगंज के निकट रहने वाले आधा दर्जन किशोर गंगा स्नान के लिए पानी में उतरे। स्नान के बाद सभी ने तैराकी करने का निर्णय लिया। इस दौरान चार किशोर अचानक डूबने लगे।
गंगा तट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चार किशोरों को बचा लिया, लेकिन दो किशोर डूब गए। दीदारगंज थाना के दारोगा सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों में प्रमोद साहनी के 16 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार और विजेंद्र साहनी के 17 वर्षीय पुत्र सुधांशु कुमार शामिल हैं।
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सुधांशु ने अपने प्रयासों से अन्य किशोरों को बचाने में मदद की, लेकिन अंशु को बचाने के प्रयास में वह भी डूब गया। घटना के कुछ समय बाद घाट किनारे के गोताखोरों ने सुधांशु को खोज निकाला, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर थी। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने इस बात पर आक्रोश व्यक्त किया कि सूचना मिलने के बावजूद गोताखोरों की टीम समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। दीदारगंज थाना पुलिस ने बताया कि शवों को बरामद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।