पटना अस्पताल में ITBP दारोगा ने वॉशरूम की खिड़की से कूदकर की आत्महत्या, 3 जून से हॉस्पिटल में थे भर्ती
पटना के पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में आईटीबीपी के दारोगा विजय सिंह ने वॉशरूम की खिड़की से कूदकर आत्महत्या कर ली। वह 3 जून से अ ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस। जागरण
HighLights
आईटीबीपी जवान ने अस्पताल के वॉशरूम की खिड़की से कूदकर आत्महत्या की।
मृतक की पहचान विजय सिंह के रूप में हुई, भरतपुर निवासी।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, मामले की जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, पटना। पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के एक दारोगा ने अस्पताल के वॉशरूम की खिड़की से कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना में दारोगा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी विजय सिंह के रूप में हुई है।
3 जून से भर्ती थे विजय सिंह
वह आईटीबीपी के टेलीकॉम डिपार्टमेंट में दारोगा के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सारण जिले के जलालपुर में थी।
बताया जा रहा है कि तबीयत खराब होने के कारण पहले उन्हें फुलवारीशरीफ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां से एशियन अस्पताल रेफर किया गया।
निगरानी के लिए जवान भी था तैनात
सूत्रों के अनुसार विजय सिंह की देखरेख के लिए एक जवान को भी साथ रखा गया था। शनिवार को वह वाशरूम जाने की बात कहकर गए।
इसी दौरान अंदर से गेट बंद कर लिया और फिर वॉशरूम की खिड़की से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
परिसर में गिरा, मौके पर मौत
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। जवान ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति कैसी थी, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी। जानकारी के अनुसार शनिवार को विजय सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिलनी थी।