नीतीश के 26 मंत्रियों में एक मुस्लिम, चैनपुर सीट से RJD के बृज किशोर बिंद को दी थी मात
Bihar New CM shapath Grahan: बिहार में नई एनडीए सरकार का गठन हुआ, जहां नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गांधी मैदान में आयोजित समारोह में 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें भाजपा और जदयू के सदस्य शामिल हैं। राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने उन्हें शपथ दिलाई।

जमा खान बने मंत्री। (जागरण)
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में नई एनडीए सरकार का गठन हो गया है। नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के गांधी मैदान में आयोजित समारोह में 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली।
राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें बीजेपी के 14 और जदयू कोटे के 8 मंत्री शामिल हैं। 26 नए मंत्रियों में एक मुस्लिम, 3 महिलाएं भी शामिल हैं। भाजपा के सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा ने भी मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और कार्यकर्ता शामिल हुए।
26 मंत्रियों ने ली शपथ
गांधी मैदान में नीतीश के अलावा एनडीए सरकार के 26 मंत्रियों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। बीजेपी विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी और उपनेता विजय कुमार सिन्हा ने मंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के अलावा बीजेपी के मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संजय सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र पासवान, श्रेयसी सिंह, डॉ . प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने भी बिहार सरकार मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
JDU के 8 मंत्रियों ने ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू से भी 8 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की है। जेडीयू की से मंत्री पद की शपथ लेने वालों में विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मो. जमा खान, मदन सहनी, डॉ. प्रमोद कुमार का नाम शामिल है।
वहीं, चिराग की पार्टी से संजय कुमार (पासवान), संजय सिंह टाइगर ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। उधर जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी की ओर से ओर से संतोष कुमार सुमन और दीपक प्रकाश ने भी नई सरकार के मंत्री के रूप में शपथ ली है।
चर्चा में मुस्लिम मंत्री का नाम
बिहार सरकार में जमां खान एक मात्र मुस्लिम समुदाय से मंत्री बने हैं। जमां खान बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में चैनपुर विधानसभा सीट से जेडीयू से प्रत्याशी थे। यह सीट कैमूर जिले के अंदर आती है।
इस सीट से जेडीयू के जमां खान ने आरजेडी के बृज किशोर बिंद को 8362 वोटों से हराया था। जमां खान को 70876 वोट मिले थे, वहीं बृज किशोर बिंद को 62514 वोट मिले। इस सीट पर 10 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है। वहीं, इस सीट पर 20 प्रतिशत के करीब दलित आबादी है।
चौंथी बार ली मंत्री पद की शपथ
कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक मो. जमां खान ने गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में चौथी बार मंत्री पद की शपथ ली। हालांकि, अभी विभाग का आवंटन नहीं हुआ है, लेकिन उनके मंत्री बनने की सूचना मिलते ही चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खुशी की लहर दौड़ गई। बता दें कि मो. जमा खां चैनपुर प्रखंड के नौघड़ा गांव के मूल रूप से निवासी हैं। उनका राजनीतिक सफर लंबा है, लेकिन उन्हें जीत 2020 में चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से मिली।
2020 में बसपा के टिकट से वे चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। इसके बाद वे जदयू में शामिल हो गए। तब उन्हें सरकार में मंत्री बनाया गया। तब वे पहली बार मंत्री बने। इसके बाद वे पुन: 2022 में, इसके बाद 2024 में मंत्री पद की शपथ लिए। इसके बाद वे पुन: 2025 में हुए चुनाव में जीत दर्ज की और नई सरकार में उन्हें चौथी बार मंत्री बनाया गया है।
बता दें कि जदयू के टिकट से चुनाव लड़े मो. जमा खां ने 8362 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वे लगातार दूसरी बार चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। बीते कार्यकाल में जो कार्य अधूरे रह गए उसे पूरा किया जाएगा। नए कार्यकाल में जिले के विकास के लिए हर बिंदु को ध्यान में रख कर कार्य किया जाएगा। सबको साथ लेकर विकास करना है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।