न्यायाधीश संजय कुमार सिंह का पटना हाई कोर्ट में ट्रांसफर, केंद्र ने जारी किया नोटिफिकेशन
केंद्र सरकार ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश संजय कुमार सिंह का स्थानांतरण पटना हाई कोर्ट में कर दिया है। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 222(1) के तहत यह आदेश जारी किया है। न्यायाधीश संजय कुमार सिंह को पटना हाई कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।

न्यायाधीश संजय कुमार सिंह का पटना हाई कोर्ट में ट्रांसफर
विधि संवाददाता, पटना। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने मंगलवार को एक अधिसूचना जारी कर इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश संजय कुमार सिंह का स्थानांतरण पटना हाई कोर्ट में किए जाने की घोषणा की है।
राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 222(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह स्थानांतरण आदेश जारी किया है। इस आदेश के अनुसार न्यायाधीश संजय कुमार सिंह को पटना हाई कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। न्यायाधीश जय कुमार सिंह का जन्म 21 जनवरी 1969 को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हुआ।
उन्होंने वर्ष 1988 में इलाहाबाद के इविंग क्रिश्चियन कॉलेज से विज्ञान में स्नातक किया और तत्पश्चात कानपुर स्थित दयानंद कॉलेज ऑफ लॉ, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से 1992 में एलएलबी की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 1993 में उन्होंने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया और इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विधि व्यवसाय प्रारंभ किया।
22 नवंबर 2018 को उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। तत्पश्चात 20 नवंबर 2020 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई। अब केंद्र सरकार के आदेश के तहत वे पटना उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।