'लालू-राबड़ी ने एक शब्द नहीं कहा', छठ पर्व को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भड़कीं केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी राहुल गांधी के छठ पर्व पर दिए गए बयान से नाराज हैं। उन्होंने लालू-राबड़ी पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया। मंत्री ने छठ पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह बिहार और उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाता है।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी। (फाइल फोटो जागरण)
राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार को भाजपा मीडिया सेंटर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला।
राहुल गांधी पर महापर्व छठ पूजा का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उनके बयान से बिहार एवं पूर्वांचल की माताएं और बहनें आहत हैं।
प्रेसवार्ता में अन्नपूर्णा ने कहा कि इस महापर्व में बहनें 36 घंटे तक बिना अन्न-जल ग्रहण किए हुए निर्जला व्रत करती हैं। इस पावन त्योहार को जिस तरह से उन्होंने ड्रामा करार दिया, इससे लाखों महिलाएं आहत हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस पर्व को पहुंचाने में लगे हैं। वैसी स्थिति में राहुल गांधी का ड्रामा कहना कतई बर्दाश्त नहीं है।
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस गठबंधन के लोग न सिर्फ वोट की राजनीति करते हैं, बल्कि उन्हें किसी की आस्था से कोई मतलब नहीं है। वे सिर्फ तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और यही इनका चरित्र है।
सबसे आश्चर्य की बात है कि महागठबंधन के सबसे प्रमुख साथी लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी या तेजस्वी यादव ने भी इस पर एक शब्द भी नहीं कहा। जबकि, राबड़ी देवी लगातार छठ करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की आज की सभा में काफी महिलाएं थीं और राहुल गांधी के बयान को लेकर उनमें काफी आक्रोश था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जहां महिला सशक्तीकरण को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहे हैं वहीं, महागठबंधन महिलाओं को अपमानित करने में जुटा है।
उन्होंने कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। बिहार के इस चुनाव में बिहार की बेटियां करारा जवाब देने वाली हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।