प्रथम चरण में एनडीए की प्रचंड जीत का दावा, ऋतुराज सिन्हा ने कहा- जनता ने सुपड़ा साफ किया
भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने बिहार में पहले चरण के मतदान के बाद एनडीए की प्रचंड जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने भ्रष्टाचार और अपराध को नकार दिया है। मतदाताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा, जिससे राज्य में विकास होगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं मगध व शाहाबाद क्षेत्रीय चुनाव प्रभारी ऋतुराज सिन्हा ने प्रथम चरण के मतदान के बाद एनडीए की प्रचंड जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बिहार के हर वर्ग के मतदाताओं ने एनडीए पर भरोसा जताया। महिला, किसान, युवा और बुजुर्ग – सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विश्वास करते हुए एनडीए को वोट दिया।
ऋतुराज ने कहा कि पहले चरण के मतदान ने स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार, गुंडाराज, जंगलराज और अपहरणराज जैसी समस्याओं के लिए बिहार में कोई स्थान नहीं है।
जनता ने अपने मत से ऐसे तत्वों का पूरी तरह से सुपड़ा साफ कर दिया। उनका यह भी मानना है कि बिहार की जनता ने दो तिहाई से भी अधिक बहुमत के साथ एनडीए सरकार को समर्थन दिया है, जिससे राज्य में स्थायी और मजबूत सरकार का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने आगे कहा कि 11 नवंबर को शेष सीटों पर होने वाले मतदान में भी एनडीए को बहुमत देकर बिहार को समृद्ध और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में जनता सहयोग देगी।
उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने मत का प्रयोग करें और लोकतंत्र की भावना को बनाए रखें।
प्रथम चरण के मतदान में रिकॉर्ड संख्या में मतदान हुआ, जिससे यह साफ हो गया कि बिहार में जनता अब विकास, सुरक्षा और सुशासन के पक्ष में है।
पार्टी कार्यालयों और रोड शो में उम्मीदवारों के समर्थन में उमड़ी भीड़ ने भी एनडीए के पक्ष में जनता का उत्साह दर्शाया।
ऋतुराज सिन्हा के अनुसार, एनडीए की यह जीत न केवल राजनीतिक जीत है, बल्कि बिहार में सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में जनता की मजबूत प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।