Bihar Politics: बिहार में नहीं बुझ रही 'बीड़ी', नए सियासी विवाद को लेकर कांग्रेस और RJD पर भड़के नित्यानंद
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस की केरल इकाई द्वारा बिहारियों को अपमानित करने वाले पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर बिहार के सम्मान को ताक पर रखने का आरोप लगाया। राय ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार जन आंदोलन की भूमि है और बिहारी अस्मिता को ठेस पहुंचाना एक षड्यंत्र है।

राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस की केरल इकाई द्वारा विवादित पोस्ट करने और फिर उसे डिलीट करने के मसले को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग बार-बार बिहारियों को अपमानित करना बंद करें। बिहार के 14 करोड़ लोगों के मान सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होगा। कांग्रेस-राजद ने बिहार के मान सम्मान को ताक पर रख दिया है।
एक्स हैंडल पर कांग्रेस की केरल इकाई के बी फार बीड़ी और बी फार बिहार... पोस्ट (जो अब डिलीट हो गया है) पर राय ने कहा, कांग्रेस-राजद नेता को बिहारी गौरव को अपमानित करने में गर्व महसूस होता है। बिहार की जनता ऐसे सभी लोगों को सबक सिखाएंगे जो बिहारियों और उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाते हैं।
उन्होंने आगे कहा राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव को मालूम होना चाहिए कि बिहार जन आंदोलन की भूमि है यह लोकतंत्र की धरती है। इसलिए बार-बार बिहारी अस्मिता और सम्मान को जिस तरह से ठेस पहुंचाया जा रहा है यह कांग्रेस और राजद का एक सुनियोजित षड्यंत्र है।
राय ने कांग्रेस-राजद पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब बिहार की धरती से बिहारियों को अपमानित करने से मन नहीं भरा तो यह केरल से बिहारियों को गाली देने और अपमानित करने का काम कर रहे हैं। कान खोल कर सुन लें, यह बिहार है। बिहार के लोग धैर्यवान होते हैं। मर्यादित होते हैं शिष्टाचारी होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह अपने मान सम्मान की रक्षा करना नहीं जानते। कांग्रेस को 14 करोड़ बिहारियों को गाली देना बहुत महंगा पड़ेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।