छठ महापर्व की तैयारी में जुटा पटना नगर निगम, गंगा में पानी ज्यादा रहने से चुनौती, कैसे होगा अर्घ्य की व्यवस्था?
पटना में छठ पूजा की तैयारियाँ तेज़ी से चल रही हैं। नगर निगम गंगा घाटों की सफाई प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा पर ध्यान दे रहा है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से कुछ घाटों पर पानी भर गया है लेकिन व्रतियों को आसानी होगी। 91 गंगा घाटों और 62 तालाबों में अर्घ्य की व्यवस्था की जा रही है।

जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था का महापर्व छठ करीब आ गया है। इसको देखते हुए नगर निगम ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। घाटों की सफाई, रोशनी, रास्तों की मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों को लेकर निगम के सभी सर्किलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अधिकारियों ने निरीक्षण भी शुरू कर दिया है, लेकिन इस बार की सबसे बड़ी चुनौती गंगा का बढ़ा जलस्तर बन गया है। कई पारंपरिक छठ घाटों पर अब भी पानी भरा है, जिससे घाट तैयार करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, पानी ज्यादा रहने का फायदा भी है। व्रतियों को गंगा तक पहुंचने के लिए ज्यादा दूरी नहीं तय करनी पड़ेगी।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष गंगा का जलस्तर सामान्य से ऊपर है। परिणामस्वरूप, निचले इलाकों के कई घाट जैसे, दीघा, कुर्जी, बांसघाट, और कलेक्ट्रेट घाट पर ज्यादा पानी है। ऐसे में निगम वैकल्पिक घाट तैयार करने पर भी विचार कर रहा है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षित स्थलों की पहचान की जा रही है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बताया कि छठ घाटों पर फिसलन रोकने के लिए बालू की परत डाली जाएगी। रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, जल निकासी की विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है ताकि वर्षा या नदी के पानी के कारण कोई परेशानी न हो। सफाई कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है और घाटों के आसपास अस्थायी शौचालय भी बनाए जा रहे हैं।
गंगा तट से सटे इलाकों में जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों को भी कठिनाई झेलनी पड़ रही है। कई परिवारों ने बताया कि वे हर साल जिस घाट पर अर्घ्य देते हैं, वहां अब नाव से ही पहुंचा जा सकता है। इस बीच, बिजली विभाग ने भी घाटों पर तैयारी शुरू कर दी है। भले ही गंगा का पानी अभी चुनौती बना हुआ है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं है।
निगम प्रशासन का दावा है कि तय समय पर सभी प्रमुख घाट श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार होंगे, ताकि छठ व्रतियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर कार्यपालक अधिकारी एवं अभियंता घाटों का जायजा ले रहे हैं। कुल 91 गंगा घाटों और 62 तालाबों में अर्घ्य की व्यवस्था की जा रही है। गंगा के जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड और रेलिंग के निर्माण व्यवस्था ससमय पूरी करने का निर्देश दिया गया है। प्रमंडलीय आयुक्त ने घाट निर्माण के साथ सभी घाटों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।