पटना में खुलेंगे 200 नए सुधा बूथ, स्मार्ट सिटी की दुकानें बनेंगी डेयरी आउटलेट
पटना स्मार्ट सिटी की 6.5 करोड़ की 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें अब सुधा बूथ के रूप में उपयोग होंगी। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
6.5 करोड़ की 200 दुकानें अब सुधा बूथ बनेंगी।
काम्फेड और स्मार्ट सिटी मिलकर करेंगे संचालन, संयुक्त लोगो होगा।
दीघा वेंडिंग जोन अब वाहन पार्किंग स्थल के रूप में विकसित होगा।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की पुरानी योजना के तहत 6.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों का अब नया उपयोग होगा।
पहले इन दुकानों को जीविका को देने की योजना थी और इसके लिए पत्र भी भेजा गया था। अब इन्हें बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ (काम्फेड) को सौंपने की तैयारी है।
स्मार्ट सिटी और काम्फेड के बीच इस संबंध में समन्वय हो चुका है। इन दुकानों को राजधानी के प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।
दुकानों पर पटना स्मार्ट सिटी और काम्फेड का संयुक्त लोगो होगा। यहां सुधा बूथ की तर्ज पर दूध, दही, लस्सी, पेड़ा, आइसक्रीम, पानी समेत अन्य डेयरी उत्पादों की बिक्री होगी।
दुकानों के संचालन के लिए टेंडर निकाला जाएगा और चयनित एजेंसी या व्यक्ति को संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। आचार संहिता समाप्त होने के बाद इस प्रस्ताव को स्मार्ट सिटी की बोर्ड बैठक में अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
40 स्थानों की पहचान, पहले शहर के भीतर लगेंगी दुकानें
दुकानों को पार्कों, प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालयों के आसपास स्थापित करने के लिए जगह चिह्नित की जा रही है। अब तक करीब 40 स्थानों की पहचान कर ली गई है।
प्राथमिकता के आधार पर पहले शहर के अंदर दुकानों की स्थापना होगी। यदि सभी 200 दुकानों के लिए शहर में पर्याप्त जगह नहीं मिली तो बाकी दुकानों को शहर के बाहरी इलाकों में लगाया जाएगा।
दीघा वेंडिंग जोन अब बनेगा पार्किंग स्थल
जेपी गंगा पथ पर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए 55 हजार वर्गफीट में विकसित किए जा रहे दीघा वेंडिंग जोन की योजना में बदलाव किया गया है।
अब इस वेंडिंग जोन को वाहन पार्किंग के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए वहां पहले से लगाई जा रही आधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों को हटाकर जगह खाली करा ली गई है।
अब वेंडिंग जोन के लिए नई जगह तलाश की जा रही है। उपयुक्त स्थान मिलने के बाद वहां दुकानों को स्थापित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 20 साल बाद पलटा फैसला, पटना हाईकोर्ट ने सभी अभियुक्तों को ठहराया दोषी; मुख्य आरोपी को सात वर्ष की सजा