Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव की फील्डिंग सजा गए PM मोदी, विपक्ष को दिया दूरगामी संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने राजग कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बिहार चुनाव 2025 के लिए कमर कस ली है। उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर विपक्षी दलों को कड़ा संदेश दिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कानून लाने का आश्वासन दिया जिसमें मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे। मोदी ने बिहार में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों की सराहना की और नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में मगध क्षेत्र के छह जिले एवं 30 विधानसभा क्षेत्र के राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को विधानसभा चुनाव की फील्डिंग सजा गए। घुसपैठियों के कारण तेजी से बदल रही देश की डेमोग्राफी के साथ बिहार के सीमावर्ती जिलों को जोड़ते हुए सख्त दूरगामी संदेश मोदी ने विपक्षी दलों को दिया।
इसे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर महागठबंधन द्वारा चलाए वोटर अधिकार यात्रा के जवाब माना जा रहा है। अक्टूबर-नवंबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के उपरांत देश के सीमावर्ती राज्य असम एवं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव होना है।
ऐसे में प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लाल किले से देश में घुसपैठ के कारण डेमोग्राफी में तेजी से हो रहे बदलाव को बोधगया में विस्तार देकर राजग का नया राष्ट्रीय एजेंडा भी बना दिया।
सिमरिया में गंगा पर बने सबसे चौड़े छह लेन पुल का लोकार्पण के उपरांत मोदी कोलकाता गए। कार्यक्रमों की शृंखला के लिहाज से भी देखा जाए तो मोदी का यह दूरगामी संदेश है।
भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए संविधान की मर्यादा तार-तार नहीं होने देने के भरोसा को विस्तार दिया। ऐसा कानून बनाने की घोषणा की जिसके दायरे में मुख्यमंत्री, मंत्री यहां तक कि प्रधानमंत्री भी आएंगे। कहा कि कांग्रेस, राजद एवं वामदल के लोग इसका विरोध कर रहे। गुस्से में हैं। उन्हें किस बात का डर है?
राजद-कांग्रेस के कुछ नेता बेल पर हैं। रेल के खेल में अदालत का चक्कर लगा रहे। कुछ जमानत पर बाहर हैं। उन्हें इस बात का डर है कि जेल चले गए तो सारे सपने चकनाचूर हो जाएंगे। इतने बौखलाए हैं कि मुझे गाली तक दे रहे। ऐसे लोग एक जनहित के कानून का विरोध कर रहे। बाबा साहेब ने जनप्रतिनिधियों के बारे में भ्रष्टचार की कल्पना तक नहीं की होगी, लेकिन अब भ्रष्टाचारी जेल भी जाएगा और उसकी कुर्सी भी जाएगी। यह संकल्प सिद्ध होकर रहेगा।
डबल इंजन सरकार द्वारा बिहार के लिए गए निर्णय एवं किए गए कार्यों की गिनाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा की। जनसमूह से संवाद करते हुए कहा कि यहीं पर लोगों को रोजगार मिले, वे सम्मान के साथ जी सकें, सरकार इस दिशा में काम कर रही है। बड़े-बड़े प्रोजेक्ट बन रहे।
इसके पूर्व उन्होंने 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। गया-दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस के अतिरिक्त वैशाली-कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। मंच पर मोदी के साथ बिहार राजग के सभी शीर्ष नेता एवं केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।