Bihar Politics: पीके ने 12 प्रमंडल प्रभारियों की लगाई ड्यूटी, चुनावी मैदान में दिखेगी जन सुराज की नई रणनीति
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी बिहार की सभी पंचायतों में पंचायत सम्मेलन आयोजित करेगी। इसका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और स्थानीय नेतृत्व के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। यह सम्मेलन दो चरणों में होगा जिसमें पंचायत समितियों का पुनर्गठन और निवासियों के साथ सम्मेलन शामिल हैं। सुभाष सिंह कुशवाहा को प्रदेश संयोजक बनाया गया है।

राज्य ब्यूरो, पटना। संगठन की मजबूती और स्थानीय नेतृत्व के माध्यम से जनता तक सीधा संवाद स्थापित करने के लिए प्रशांत किशोर (PK) की जन सुराज पार्टी (Jan Suraaj Party) पंचायत सम्मेलन का आयोजन करेगी। बिहार की सभी पंचायतों में इसका आयोजन होगा।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत सम्मेलन की प्रक्रिया दो चरण में पूरी होगी। पहले चरण में सभी पंचायत समितियों की समीक्षा एवं पुनर्गठन होगा।
साथ ही जिन पंचायतों में समितियां अस्तित्व में नहीं थीं, वहां उनका गठन होगा। दूसरे चरण में ये समितियां अपने पंचायत के निवासियों के साथ मिलकर सम्मेलन का आयोजन करेंगी।
प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष सिंह कुशवाहा को इस कार्यक्रम का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम के समन्वय और संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम समिति का गठन किया गया है। उनमें 12 प्रमंडल प्रभारियों को विभिन्न जिलों का प्रभार दिया गया है।
विधानसभा चुनाव को केंद्र में रख जदयू ने पांच राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किए
दूसरी ओर, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को केंद्र में रख जदयू ने पांच लोगों को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर इन्हें नियुक्त किया गया है।
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खान ने बताया कि जदयू के इंटलैक्चुअल सेल के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. संजय कुमार, शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के प्रो वीसी प्रो. जयानंद, वरीय अधिवक्ता श्वेता प्रिया, दिल्ली विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कालर हिमांशु कुमार सिंह तथा इंडियन लॉ इंस्टीच्यूट, दिल्ली के रिसर्च स्कॉलर अविनाश पासवान को जदयू ने राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।