Bihar Politics: RJD की बैठक में शामिल नहीं हुए जगदानंद सिंह, उधर लालू ने तेजस्वी को दे दिया एक और अधिकार
बिहार विधानसभा चुनाव में राजद तेजस्वी यादव के नेतृत्व में मैदान में उतरेगा। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने इस पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। तेजस्वी ने कहा कि वे लालू प्रसाद के नेतृत्व में राजद को सत्ता तक ले जाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। लालू ने भी तेजस्वी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे राजद को नई ऊंचाई तक लेकर जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। राजद तेजस्वी यादव के नेतृत्व मेंं ही बिहार विधानसभा के चुनाव मैदान में उतरेगा। यद्यपि यह पहले से भी लगभग तय-सा ही था, लेकिन शनिवार को प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन के इस प्रस्ताव पर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने अपनी अंतिम मुहर लगा दी।
इसके लिए आभार प्रकट करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वे पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद के नेतृत्व में राजद को सत्ता तक ले जाने के लिए उत्साही युवा और अनुभवी पुरानी पीढ़ी के साथ तालमेल बनाकर अथक परिश्रम करेंंगे।
तेजस्वी के अब तक के प्रयास की प्रशंसा करते हुए लालू ने आशा जताई कि वे राजद को नई ऊंचाई तक लेकर जाएंगे। इसके बाद अघोषित रूप से यह भी तय हो गया कि चुनाव में महागठबंधन का नेतृत्व तेजस्वी ही करेंगे।
राजद के साथ महागठबंधन में अभी कांग्रेस, तीनों वाम दल (भाकपा, माकपा और माले) और विकासशील इंसान पार्टी घटक हैं।
छह साल में दूसरी बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
पटना में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का छह वर्षों में यह दूसरा अवसर रहा। हालांकि, इस बार बैठक में अस्वस्थ होने के कारण प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह उपस्थित नहीं रहे।
होटल मोर्या में लगभग 300 प्रतिनिधियों की सर्व-सम्मति से तेजस्वी को एक और अधिकार दिया गया। वह अधिकार पार्टी के संविधान में संशोधन के जरिये मिला।
राजद के नाम, झंडा और चुनाव-चिह्न के संदर्भ में किसी भी तरह के निर्णय के लिए लालू के साथ एकमात्र तेजस्वी अधिकारी होंगे।
अब तक यह अधिकार पार्टी की चुनाव समिति के पास हुआ करता था। महाराष्ट्र में शिवसेना व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी तथा बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी मेंं विघटन के दृष्टिगत राजद ने यह निर्णय लिया है।
मार्च तक पूरा हो जाएगा सदस्यता अभियान
- इसके अलावा बैठक में तीसरा महत्वपूर्ण निर्णय सदस्यता अभियान और सांगठनिक चुनाव को लेकर रहा। राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने इसका प्रस्ताव रखा।
- मार्च तक सदस्यता अभियान पूरा हो जाएगा और जुलाई के पहले सप्ताह तक सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। पांच जुलाई को पटना के बापू सभागार मेंं खुला अधिवेशन होगा।
- वह वस्तुत: राजद की राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करेगी। इस पद पर लालू प्रसाद की दावेदारी निर्विवाद है। अगर ऐसा हुआ तो लगातार 13वीं बार लालू राजद के अध्यक्ष चुने जाएंगे।
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का एकमात्र उद्देश्य परिवारवाद को बढ़ावा : मनीष
उधर, जदयू के प्रदेश प्रवक्ता मनीष यादव ने शनिवार को कहा कि राजद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का एकमात्र उद्देश्य परिवारवाद को बढ़ावा देना है। एकमात्र मकसद केवल परिवारवाद का पोषण करना है।
मनीष ने कहा कि राजद की कार्यकारिणी में लालू प्रसाद का राजनीतिक कद को ऊपर करने का काम किया गया। दरअसल यह परिवार की पार्टी है। यहां परिवार के लोगों को ही पद मिलते हैं। दूसरे नेता लालू प्रसाद की कृपा पर ही निर्भर रहते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।