Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ‘चलो जीतें रथ’ से गांव-घर तक पहुंचेगी मोदी की सादगी और संघर्ष की कहानी, लघु फिल्मों का होगा प्रदर्शन

    Updated: Tue, 16 Sep 2025 04:00 PM (IST)

    बिहार में भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से पहले ‘चलो जीतें मोदी रथ’ रवाना किया। यह रथ बिहार के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मोदी जी के जीवन पर आधारित लघु फिल्में दिखाएगा। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा जिसमें रक्तदान और जनसेवा के कार्य होंगे।

    Hero Image
    गांव-घर तक पहुंचेगी मोदी की सादगी और संघर्ष की कहानी

    राज्य ब्यूरो,पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि (17 सितंबर) से एक दिन पहले मंगलवार को भाजपा की ओर से ‘चलो जीतें मोदी रथ’ रवाना किया गया। यह विशेष एलईडी रथ प्रदेश के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेगा। उस दौरान मोदी के जीवन पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन पूरे बिहार में लगभग 50 हजार जगहों पर किया जाएगा। साथ ही 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक पूरे राज्य में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत रक्तदान, सामग्री वितरण और जनसेवा के दूसरे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े और अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के गांधी मैदान से इस रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नेताओं ने कहा कि सेवा पखवाड़ा शुरू हो रहा है। ‘चलो जीतें’ कार्यक्रम के अंतर्गत एलईडी वैन गांव-गांव जाकर प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

    यह बताएगी कि किस तरह एक गरीब परिवार का बेटा देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। मोदी ने कठिनाइयों के बावजूद भारत के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उनकी सरकार ने जनता को राहत देने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। देश उनकी अगुवाई में नए भारत के निर्माण की ओर बढ़ रहा है।

    भाजपा का कहना है कि 'चलो जीतें मोदी रथ' और सेवा पखवाड़ा के जरिए पार्टी कार्यकर्ता और आम जनता के बीच और गहरा संवाद स्थापित होगा। लघु फिल्म और सेवा कार्यों के माध्यम से मोदी की सादगी, संघर्ष और जुझारूपन की कहानियां हर गांव और हर घर तक पहुंचाई जाएंगी।