NH-19 पर भीषण हादसा: तमिलनाडु के पर्यटकों से भरी ट्रैवलर ट्रक से टकराई, एक की मौत, 19 घायल
दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तमिलनाडु के 24 पर्यटकों को ले जा रही ट्रैवलर ने ...और पढ़ें

दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर बड़ा सड़क हादसा
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुअरा गांव के समीप ट्रैवलर ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। वाहन में तमिलनाडु के 24 पर्यटक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरातफरी का माहौल रहा।
एक की मौत, 19 लोग घायल
पुलिस के अनुसार हादसे में 72 वर्षीय राजू एम (अब्राहम स्ट्रीट, कांचीपुरम, तमिलनाडु) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना में चालक सहित 19 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमुहार में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में कविता (47), कायल कन्नन (50), सिलवा (43), दिव्यदर्शनी (19), के. परी (10), श्रीलता (50) और बालाजी के (49) शामिल हैं।
डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है।
वाराणसी से गया जा रही थी ट्रैवलर
घायल संजय पाल (वाराणसी) ने बताया कि पर्यटक वाराणसी से गया जा रहे थे। ट्रैवलर का नंबर यूपी 65 एनटी 5223 बताया गया है। सुबह करीब तीन बजे चालक सोनू पाल को झपकी आ गई।
नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों को सूचना
पुलिस ने घायलों को ट्रैवलर से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि मृतक और घायलों के स्वजनों को सूचना दे दी गई है।
मृतक के परिजन चेन्नई से फ्लाइट द्वारा रवाना हो चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया है।
प्राथमिक जांच में चालक को नींद आना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली हत्याकांड : क्या पति ने ही कर दी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या, या कहानी में छिपा है कोई और सच?


कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।