Pawan singh : भोजपुरी स्टार की पत्नी ज्योति सिंह के होटल में प्रशासन की देर रात छापेमारी, वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चा
भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के होटल पर प्रशासन ने देर रात छापा मारा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद एक वायरल वीडियो ने मामले को और भी तूल दे दिया है। छापेमारी का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई से कई सवाल उठ रहे हैं।

ज्योति सिंह के होटल में प्रशासन की देर रात छापेमारी
संवाद सहयोगी, बिक्रमगंज, (रोहतास) भोजपुरी सिनेमा के चर्चित स्टार पवन सिंह की पत्नी और काराकाट विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह के होटल में प्रशासन की देर रात छापेमारी की खबर सामने आई है। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ज्योति सिंह खुद प्रशासन के छापे पर सवाल उठाती दिख रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि जागरण नहीं करता है।
वीडियो में बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार को बिना महिला कांस्टेबल के होटल में छापेमारी के लिए सवाल जवाब करते देखा जा सकता है। वीडियो के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी डिटेंशन की बात कहते भी सुनाई दे रहे हैं।
यह छापेमारी उस होटल में की गई जहां ज्योति सिंह ठहरी हुई हैं। उन्होंने इस छापेमारी को राजनीतिक प्रताड़ना करार दिया है और आरोप लगाया है कि प्रशासन ने उनके खिलाफ षड्यंत्र रच कर बिना महिला फोर्स के उनके होटल में छापेमारी की है।
ज्योति सिंह का कहना है कि यह कार्रवाई उन्हें चुनावी मैदान से दबाव में लाने और राजनीतिक रूप से परेशान करने के लिए की गई है। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई को अनुचित और गैरकानूनी बताया है।
इस मामले पर अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। प्रशासन ने इस छापेमारी की वजह या इसके उद्देश्य को सार्वजनिक नहीं किया है।
बिक्रमगंज क्षेत्र में इस घटना ने राजनीतिक हलकों और आम लोगों के बीच चर्चा बढ़ा दी है। कई लोग इसे चुनाव को प्रभावित करने की एक कोशिश मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन भी कर रहे हैं।
चुनाव के इस महत्वपूर्ण दौर में ऐसी घटनाएं क्षेत्र की राजनीति में गर्माहट और सवाल दोनों को बढ़ा रही हैं। आगामी दिनों में इस मामले पर प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।