Rohtas News: 18 करोड़ से रोहतास में बनेंगे सात पुल, गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
रोहतास जिले में मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत 18 करोड़ रुपये की लागत से सात पुलों का निर्माण किया जाएगा। इन पुलों के बनने से गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और दूरी कम होगी। जर्जर पुलों की समस्या दूर होगी और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी। विभिन्न नदियों पर बनने वाले इन पुलों से कई गांवों को लाभ मिलेगा।

प्रेम कुमार पाठक, डेहरी आनसोन (रोहतास)। अनुमंडल क्षेत्र के गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने व एक से दूसरे गांव की दूरी कम करने को लेकर सात छोटी नदियों पर 18 करोड़ की लागत से सात पुल का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत ग्रामीण कार्य विभाग प्रमंडल डेहरी द्वारा कराए जाने वाले सभी पुल मिलाकर 228.260 मीटर लंबाई है।
अधिकारियों की मानें तो जहां निर्माण किया जाना है, उन जगहों पर पुल के अभाव में आवागमन प्रभावित था। साथ ही पुल नहीं रहने के कारण एक गांव से दूसरे गांव में जाने के लिए दो से तीन किलोमीटर दूरी तय करनी पड़ती थी। वहीं एक दो जगहों पर पूर्व में बने पुल जर्जर हालत में थे, जो खतरे को निमंत्रण देते हैं।
पुल के अभाव में यह है समस्या:
नौहट्टा प्रखंड मुख्यालय से सियालदह उली, भवनाथपुर, इमलिया टीकर समेत आधा दर्जन गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क की पनछनवा नदी पर बना पुल जर्जर हो गया है। सियालदह गांव निवासी पंकज सिंह कहते हैं कि पुल जर्जर होने के कारण बड़े वाहन नहीं जा पाते हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है।
वहीं, रोहतास और बकनौरा गांव को जोड़ने के लिए अवसानी नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा, जबकि तिलौथू प्रखंड के तिलौथू और सरैया गांव को जोड़ने के लिए पूर्व में बना पुल जर्जर हो गया है। इस कारण बड़ी गाड़ियां नहीं जा पाती हैं। इसी तरह, सेवही से भोखरवा गांव तक जाने वाली सड़क में पुल नहीं रहने के कारण तीन किलोमीटर दूरी तय करनी पड़ती है। पुल निर्माण हो जाने पर यह दूरी 200 मीटर में बदल जाएगी।
इसके अलावा डेहरी प्रखंड के बडीहां गांव में बने वास्तु विहार फेज एक और फेज दो को जोड़ने के लिए तूतराही नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। साथ ही अकोढ़ीगोला प्रखंड के बिसैनी कला गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए और नदी टोला से चांदी गांव को जोड़ने के लिए विभाग द्वारा पुल का निर्माण किया जाएगा।
क्या कहते हैं ग्रामीण व जन प्रतिनिधि?
पनछनवा नदी पर पुल निर्माण हो जाने सेआधा दर्जन गांव प्रखंड मुख्यालय से सीधे जुड़ जाएंगे। पहले का बना पुल जर्जर होने के कारण इस पर बड़ी गाड़ियों का आवागमन बाधित है। - दीपक चौबे, अध्यक्ष, प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, नौहट्टा
तूतही नदी पर पुल बन जाने से एनएच 119 पर जाने में मात्र आधा किलोमीटर दूरी तय करनी पड़ेगी, जबकि वर्तमान में यह दूरी दो किलोमीटर है। साथ ही बडिहां वास्तु विहार फेज दो समेत कई गांवों से जुड़ाव हो जाएगा। - राधा रमण सिंह, वास्तु विहार, बडिहां
कौन-सा पुल कितना लंबा होगा और कितनी राशि होगी खर्च?
पुल का नाम | लागत राशि | लंबाई |
---|---|---|
नौहट्टा - पनछनवा नदी पुल | दो करोड़ 45 लाख 99300 रुपये | 45.210 मीटर |
रोहतास | पांच करोड़ 87 लाख 25200 रुपये | 77.440 मीटर |
तिलौथू - तूतराही नदी | एक करोड़ चार लाख 46100 रुपये | 13.700 मीटर |
भोखरवा | एक करोड़ चार लाख 82 हजार रुपये | 13.700 मीटर |
डेहरी - बडिहां तूतराही नदी | 63 लाख 29800 रुपये | 9.350 मीटर |
अकोढीगोला - बिसेनी कला | तीन करोड़ 67 लाख 74 हजार रुपये | 38.720 मीटर |
चांदी गांव के निकट | तीन करोड़ 27 लाख 91200 रुपये | 30.140 मीटर |
क्या कहते हैं अधिकारी?
मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत पुल का निर्माण किया जाना है, जिसकी निविदा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इकरारनामा का कार्य चल रहा है। जो पुल 30 मीटर से कम लंबाई में है, उसे पूर्ण करने की अवधि 12 महीना और इससे अधिक लंबे पुल को 24 महीने में पूरा करना है। - नंद गोपाल, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।