Bihar: लव मैरिज से गुस्साए साले ने बहन के पति की गोली मारकर की हत्या, शादी के बाद पहली बार घर आया था युवक
छपरा-सिवान रोड पर टाल प्लाजा से लगभग एक किमी की दूरी पर सोमवार की शाम दो पक्षों के बीच हुई झड़प व मारपीट में एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक युवक की हत्या गांव की युवती से भगाकर विवाह करने के कारण की गई है। हालांकि मृतक का भाई जमीन विवाद में हत्या किए जाने की बात कह रहा है।

संवाद सूत्र, रसूलपुर (सारण)। छपरा-सिवान मुख्य मार्ग पर रसूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाल प्लाजा से लगभग एक किमी की दूरी पर चपरैठा गांव में सोमवार की शाम में दो पक्षों के बीच हुई झड़प व मारपीट में चपरैठा गांव के एक 35 वर्षीय व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान चपरैठा गांव निवासी सूर्यकांत गिरी उर्फ सूरज गिरी के रूप में की गई है। मृतक के सिर में गहरा जख्म होने के कारण गोली मारकर हत्या किए जाने का अनुमान है।
वहीं, घटनास्थल से बरामद लोहे के रॉड का एक सिरा नुकीला होने के कारण पुलिस रॉड से वार कर हत्या किए जाने का भी अनुमान लगा रही है।
फायरिंग में बाल-बाल बचा मृतक का भाई
मृतक के अन्य दो भाइयों पर भी फायरिंग की गई, लेकिन वह लोग बाल-बाल बच गए। दोनो भाई किसी तरह जान बचाकर भागे और 112 पर डायल कर पुलिस को सूचना दिये।
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान यह स्पष्ट हो जाएगा कि युवक के सिर में गोली मारी गई है या रॉड से वार किया गया है। हत्या का कारण गांव की ही युवती से शादी करना बताया जा रहा है।
क्या बोले थानाध्यक्ष
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार के नेतृत्व में पहुंची रसूलपुर पुलिस ने छपरा-सिवान रोड पर रसूलपुर थाना क्षेत्र में टाल प्लाजा से एक किमी की दूरी पर पड़े सूर्यकांत गिरी को उठा कर एकमा सीएचसी पहुंचाया।
वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक द्वारा जांचोपरांत मृत घोषित कर दिए जाने पर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजवा दिया गया। मृतक के भाई शशिकांत ने भूमि विवाद में हत्या की बात कही है।
ऐसे घटी घटना
मिली जानकारी के अनुसार सूर्यकांत गिरी अपने दो भाईयोंं के साथ एक चारपहिया वाहन में रसूलपुर बाजार की तरफ आ रहा था। इसी बीच बाइक पर सवार दो युवक सिवान की ओर जा रहे थे। दोनों का सामना टोल प्लाजा से एक किमी की दूरी पर हो गया। बाइक सवार युवक बाइक से उतरे।
इसी बीच सूर्यकांत के साथ मौजूद दोनों भाई भी कार से उतर कर सड़क पर खड़े हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी फिर मारपीट होने लगी। सूर्यकांत के भाई शशिकांत के अनुसार इसी दौरान सूर्यकांत गिरी के सिर में गोली मार दिए जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा उक्त कार को घटनास्थल से बरामद किया गया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार तीन भाईयों में सबसे छोटा सूर्यकांत ने गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह कर लिया था। इससे युवती के स्वजनों के साथ सूर्यकांत के परिवार का विवाद हुआ था। इसमें मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
वह गांव में नहीं रहता था। जब वह गांव आया इस विवाद की वजह से दोनों पक्ष में कई बार झड़प हुई है। एक माह पूर्व व गांव आया था और लुकछिप कर रहता था।
उसने प्रेम विवाह तीन सितंबर 2022 को किया था। समाचार प्रेषण तक मृतक के स्वजनों की ओर से फर्द बयान दर्ज नहीं कराए जाने के कारण मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। थानाध्यक्ष ने कहा कि फर्द बयान दर्ज होने या आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।