रांची के धुर्वा डैम में डूबी पुलिस की गाड़ी, सारण के उपेंद्र कुमार सिंह सहित 4 पुलिसकर्मियों की मौत
सारण के उपेंद्र कुमार सिंह सहित चार पुलिसकर्मियों की रांची के धुर्वा डैम में डूबने से मौत हो गई। वे झारखंड दिवस समारोह से लौट रहे थे जब उनकी कार अनियंत्रित होकर डैम में गिर गई। उपेंद्र जमशेदपुर में जज के बॉडीगार्ड थे। इस घटना से उनके गांव में शोक की लहर है।

धुर्वा डैम में डूबी पुलिस की गाड़ी
संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के नटवर परशुराम गांव के रहने वाले चंदेश्वर सिंह के 38 वर्षीय पुत्र और झारखंड पुलिस के सिपाही उपेंद्र कुमार सिंह की शुक्रवार रात रांची के धुर्वा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। उपेंद्र जमशेदपुर में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के बॉडीगार्ड के रूप में तैनात थे।
जमशेदपुर में पदस्थापित एएसआई रंजीत सिंह ने बताया कि झारखंड दिवस के अवसर पर समारोह में शामिल होने रांची पहुंचे प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज को न्यायिक अतिथि गृह छोड़ने के बाद उपेंद्र सहित चार लोग अपने ठहराव स्थल लौट रहे थे।
धुर्वा पहुंचते ही अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर समीप स्थित एक गहरे डैम में गिर गई। पानी में कार का दरवाजा बंद होने की वजह से सभी चार लोग बाहर नहीं निकल सके और डूबने व दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
चार शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शनिवार सुबह एनडीआरएफ टीम ने कार को पानी से बाहर निकालकर चारों शवों को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए रांची जिला अस्पताल भेजा। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन रांची से शव लेकर मांझी के लिये रवाना हो चुके हैं।

मृतक उपेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी ऋतु देवी और छह व दस वर्ष के दो मासूम पुत्रों को छोड़ गए हैं, जो जमशेदपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि उपेंद्र सामाजिक कार्यों में सक्रिय और बेहद मिलनसार स्वभाव के थे, जिसके कारण गांव के युवाओं में विशेष सम्मान रखते थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।