Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bathnaha Assembly Seat 2025: पुल-पुलिया और सड़कें बनीं, मगर सुधरी नहीं स्वास्थ्य और सिंचाई की व्यवस्था

    Updated: Mon, 08 Sep 2025 03:45 PM (IST)

    सीतामढ़ी के बथनाहा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के बावजूद कई वादे अधूरे हैं। सहियारा को प्रखंड बनाने की मांग अभी तक पूरी नहीं हुई है जिससे लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार हुआ है पर बाढ़ की समस्या बनी हुई है। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी है और सिंचाई की सुविधा भी अपर्याप्त है।

    Hero Image
    पुल-पुलिया और सड़कें बनीं, सुधरी नहीं स्वास्थ्य और सिंचाई की व्यवस्था

    अभय कुमार चौधरी, बथनाहा (सीतामढ़ी)। बथनाहा (सु.) विधानसभा क्षेत्र में बीते पांच वर्ष में दर्जनों पुल पुलिया, पीसीसी सड़कों का निर्माण हुआ है, लेकिन अभी भी कई सड़कों में पुल पुलिया एवं सड़क निर्माण बाकी है। सबसे पुरानी मांग सहियारा थाना क्षेत्र में पड़ने वाले 10 पंचायतों को मिलाकर सहियारा में प्रखंड बनाने की मांग है। जो आज तक पूरी नहीं हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सहियारा में प्रखंड निर्माण नहीं होने से इस क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक पंचायत के लोगों को 25 से 30 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रखंड मुख्यालय बथनाहा जाना पड़ता है जो एक बड़ी समस्या है। बथनाहा विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रखंड बथनाहा, मेजरगंज, एवं सोनबरसा के 9 पंचायत शामिल है, मेजरगंज सोनबरसा में स्वास्थ्य शिक्षा की व्यवस्था बेहतर हुई, लेकिन इन प्रखंडों का क्षेत्र नेपाल से जुड़े होने के कारण मेजरगंज प्रखंड क्षेत्र के बसबिटा पंचायत में बागमती नदी एवं सोनबरसा प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली अधवारा समूह की नदियों में आने वाली बाढ़ की विभीषिका से क्षेत्र के लोग जूझते हैं।

    इन समस्याओं का निदान भी अबतक नहीं किया जा सका है। बथनाहा में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। सहियारा गांव स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया कुछ दिनों तक लोगों को स्वास्थ्य सुविधा तो मिली पर इधर, करीब 10 वर्ष से चिकित्सक की उपस्थिति नहीं रहने के कारण यहां के लोगों को आज भी स्वास्थ्य जांच के लिए जिला मुख्यालय या अन्य के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है।

    सबसे बड़ी समस्या इस अस्पताल में प्रवेश करने वाली मुख्य सड़क की है। सहियारा पंचायत के सुग्गाही गांव में प्राथमिक विद्यालय की भवन निर्माण की मांग,बखरी पंचायत के पीतांबर पुर गांव के पास से एक साथ निकलने वाली दो नदियों सोरम एवं लक्ष्मणा लखनदेई पर पुल निर्माण की मांग एवं मधुबनी गांव स्थित लखनदेई नदी से निकलने वाली नहर की उड़ाही की मांग पूरी नहीं हो पाई है। जिससे किसानों को सिंचाई की सुविधा भी नहीं मिल रही है।

    सरकारी नलकूपों की स्थिति भी बेहतर नहीं है। यही स्थिति नल-जल योजना की है। अधिकतर पंचायतों में नल-जल योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। इधर, भू जल स्तर नीचे खिसकने से कई गांवों में चापाकल सूखने के कारण पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।

    • कुल मतदाता : 246107
    • पुरुष मतदाता: 130457
    • महिला मतदाता: 115305
    • थर्ड जेंडर : 345

    पांच वर्षों के कार्यकाल में विधान सभा क्षेत्र में दर्जनों पुल पुलिया सामुदायिक भवन एवं सरकारी तालाबों एवं नदी में छठ घाटों को निर्माण कराया गया है। चार करोड़ से अधिक की लागत से नेपाल से निकलने वाली अधवारा समूह की सुपैना घाट पर पुल निर्माण, 3 करोड़ 91 लाख की लगात से सोरम नदी पर पुल निर्माण, करोड़ों की लागत एनएच 22 रानोली चौक से भटौलिया होते हुए महुआवा पंचायत को जोड़ने वाली सड़क निर्माण, मदनपटी गांव दिघी पंचायत को जोड़ने वाली सड़क एवं पुल निर्माण शामिल है। आगे भी विकास कार्यों की योजना की रूप रेखा तैयार की जा चुकी है। - ईं.अनिल कुमार राम, विधायक (भाजपा)

    विधायक अनिल राम अपने वायदा पर खड़े नहीं उतरे । पांच साल के कार्यकाल इनके द्वारा जितने कार्य किए गए हैं। उससे अधिक कार्य तो पंचायत के मुखिया करता है। इनके द्वारा लोगो के मान सम्मान का ख्याल भी नहीं रखा गया। डबल इंजन की सरकार में भी इनके द्वारा किए गए वायदे को पूरा नहीं कर पाए। सहियारा में प्रखंड निर्माण बहुत पुरानी मांग है। बखरी पंचायत के पीतांबरा दो नदी घाटों पर पुल निर्माण भी नहीं कराया जा सका।  -  संजय राम, पूर्व प्रत्याशी कांग्रेस

    क्या बोली जनता?

    वर्तमान सरकार में काम बोलता है।क्षेत्र में विकास के ढेरों काम कराए गए हैं। सबसे बड़ी बात है विधायक जी मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। विद्वान गरीबों दलितों व महिलाओं के विकास के निरंतर कार्य किए है आगे भी करेंगे। - चंद्रिका पासवान, धुमहा

    बीते पांच वर्ष में विधायक अनिल राम द्वारा क्षेत्र में कई कार्य कराए गए हैं। सड़कों की हालत सुधरी है। पुल-पुलियों का निर्माण होने से ग्रामीण इलाकों में भी आवागमन सुलभ हुआ है। ।इनके कार्यकाल में बहुत सारे विकास कार्य कराए गए हैं।  -  सुधीर ठाकुर, खैरवी

    जितना काम विकास का होना चाहिए था उतना नहीं हुआ है, लेकिन अभी भी कई सड़कों में पुल पुलिया एवं सड़क निर्माण बाकी है। सबसे पुरानी मांग सहियारा थाना क्षेत्र में पड़ने वाले 10 पंचायतों को मिलाकर सहियारा में प्रखंड बनाने की मांग की दिशा में अब तक कोई कार्य नहीं हुआ। - आयुष झा, माधोपुर

    वर्तमान विधायक द्वारा बथनाहा विधान सभा क्षेत्र में एक भी ऐसा काम नहीं कराया गया जो लोगों के जेहन में याद रहे। चाहे सहियारा में प्रखंड निर्माण कार्य हो या नदी की उड़ाही हो या स्वास्थ्य, शिक्षा की क्षेत्र हो कही भी किए गए वायदे पर खड़े नहीं उतर पाए हैं। सड़कों का हाल बेहाल है। शिक्षा व्यवस्था चौपट है। सिंचाई की सुविधा नहीं है। - जैनेंद्र कुमार राम, भवदेपुर