पुलिस को देखते ही महिला को पड़ा हार्ट अटैक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत, सीतामढ़ी में चौंकाने वाली घटना
सीतामढ़ी के खोपी गांव में एक पारिवारिक विवाद के बाद पुलिस को देखकर एक महिला को दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। भय से अचानक तबी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पारिवारिक विवाद के बाद पुलिस को बुलाया गया था।
पुलिस टीम को देखते ही महिला को दिल का दौरा पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी) । एक मामूली पारिवारिक विवाद ने रविवार को ऐसा दुखद मोड़ ले लिया कि एक परिवार की दुनिया ही उजड़ गई।
गाढ़ा थाना क्षेत्र के खोपी गांव के बिजुलिया टोला में पुलिस टीम को देखते ही एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराहट के बीच उसे दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पारिवारिक विवाद से शुरू हुआ घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार बिजुलिया टोला निवासी बिहारी पासवान की पत्नी ललिता देवी (55) का अपनी चचेरी पुतोह मुकेश पासवान की पत्नी शोभा देवी के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने पर मामला तनावपूर्ण हो गया।
डायल-112 को दी गई सूचना
विवाद बढ़ने के बाद शोभा देवी ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। गांव में पुलिस के पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुटने लगी।
पुलिस को देखते ही बिगड़ी तबीयत
स्थानीय लोगों के अनुसार ललिता देवी पुलिस वाहन और जवानों को देखकर काफी घबरा गईं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़ीं। स्वजन और ग्रामीण कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्थिति गंभीर हो गई।
खबरें और भी
पुलिस ने दिखाई तत्परता
घटना की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 की टीम ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना समय गंवाए महिला को अपने वाहन से इलाज के लिए सीतामढ़ी ले जाना शुरू किया। परिजनों ने भी उनके साथ अस्पताल की ओर दौड़ लगाई।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हालांकि, चिकित्सकीय सहायता मिलने से पहले ही रास्ते में महिला की सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम नहीं कराने का आग्रह
गाढ़ा थानाध्यक्ष सोनी कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर महिला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।