राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होंगे सुपौल के दिलीप कुमार, Teachers Day पर राष्ट्रपति देंगी सम्मान
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज स्थित ललित नारायण लक्ष्मी नारायण बालिका उच्च विद्यालय के शिक्षक दिलीप कुमार को National Teacher Award 2025 के लिए चुना गया है। उन्हें यह सम्मान शिक्षा क्षेत्र में नवाचार के प्रयासों के लिए मिल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिक्षक दिवस पर उन्हें सम्मानित करेंगी। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने कई पुरस्कार जीते हैं।

सतीश आलोक, त्रिवेणीगंज (सुपौल)। कोसी क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि त्रिवेणीगंज मुख्यालय स्थित प्लस टू ललित नारायण लक्ष्मी नारायण बालिका उच्च विद्यालय के विज्ञान शिक्षक दिलीप कुमार का चयन National Teacher Award 2025 के लिए हुआ है।
5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नई दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। इनका नाम पहले राज्य चयन समिति द्वारा अनुशंसित कर भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय को भेजा गया था।
इसके तहत उन्होंने 11 अगस्त को पटना मुख्यालय से केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के समक्ष वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अपना प्रस्तुतीकरण दिया था। मूल्यांकन के उपरांत बिहार राज्य से कुल तीन शिक्षकों का चयन हुआ, जिनमें से कोसी क्षेत्र से इनको यह गौरव प्राप्त हुआ है।
2023 में इस विद्यालय में विज्ञान शिक्षक के रूप में योगदान देने के बाद से शिक्षा क्षेत्र में नवाचार और प्रयोग के लिए ये लगातार प्रयासरत हैं। उनके मार्गदर्शन में कई छात्राओं ने राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पुरस्कार प्राप्त की।
उत्कृष्ट कार्य के लिए बिहार दिवस 2025 के अवसर पर अपर मुख्य सचिव द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया गया था। इनके दिशा-निर्देशन में छात्राएं इंस्पायर आवार्ड जैसी प्रतियोगिताओं में चयनित हो चुकी हैं।
दिलचस्प तथ्य यह है कि यह वही विद्यालय है जिसके वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक सौरभ सुमन को वर्ष 2022 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिल चुका है। अब उसी विद्यालय के एक और शिक्षक को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलना विद्यालय, त्रिवेणीगंज तथा समस्त सुपौल जिले के लिए गौरव की बात है।
दिलीप कुमार त्रिवेणीगंज प्रखंड के परवाहा गांव के निवासी हैं और उनका परिवार भी शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय है। उनके भाई ब्रजेंद्र कुमार भी शिक्षक हैं।
इस सफलता पर उन्होंने कहा यह मेरे लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। इस उपलब्धि का श्रेय मैं अपने प्रभारी प्रधानाध्यापक, विद्यालय परिवार और उन सभी छात्राओं को देता हूं, जिन्होंने मेरे साथ मिलकर शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा दिया।
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक रविंद्र कुमार, गजेंद्र कुमार, आनंद कुमार, खुशबू कुमारी, यशप्रीत कौर, कुमारी स्नेहा, रंजू कुमारी, सुनीता कुमारी, मनोरमा कुमारी, नीरज और राघव प्रसाद आदि ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रीय और राजकीय सम्मान की गौरवशाली विरासत
शिक्षा के क्षेत्र में त्रिवेणीगंज का नाम लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार और राजकीय शिक्षक पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से इस क्षेत्र के शिक्षक लगातार सम्मानित हो रहे हैं।
इस गौरवगाथा की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई। उस समय आरकेबीए विद्यालय की प्राचार्या अलका वर्मा को राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
2021 में इस विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम यादव को भी राजकीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया। इसी विद्यालय के शिक्षक सौरभ सुमन को 2022 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया, और अब वर्ष 2025 में विज्ञान शिक्षक दिलीप कुमार को भी वही सम्मान मिलने जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।