Trending

    वैशाली में क्रिकेट मैच देखने को लेकर दिव्यांग युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने दर्ज की FIR

    Updated: Mon, 09 Mar 2026 02:44 PM (IST)

    महनार के जक्कोपुर गांव में टी20 विश्व कप मैच देखने को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय मूक-बधिर युवक कुंदन कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मोबाइल पर मै ...और पढ़ें

    संवाद सहयोगी, महनार। T20 World Cup 2026 का फाइनल मैच देखने के दौरान हुए विवाद में महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव में एक 18 वर्षीय मूक-बधिर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

    मृतक कुंदन कुमार नगर परिषद महनार के वार्ड नंबर 18 जक्कोपुर निवासी बृजकिशोर राय का पुत्र था। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं एफएसएल की टीम ने घटनास्थल के जांच के लिए साक्ष्य जुटाए। इस घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    मैच देखने को लेकर हुआ झगड़ा

    मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात जक्कोपुर गांव में कुछ युवक मोबाइल पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच हो रहे टी-20 विश्व कप का फाइनल मैच देख रहे थे। इसी दौरान कुंदन कुमार भी पीछे से खड़ा होकर मैच देखने लगा।

    आरोप है कि इसी बात को लेकर मोबाइल पर मैच देख रहे एक युवक ने उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। मारपीट में वह बेहोश हो गया।

    स्वजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया।

    हाजीपुर में भी हालत नाजुक रहने पर डॉक्टर ने PMCH भेज दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कुंदन दो भाई व दो बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता किसान हैं।

    एफएसएल ने की घटनास्थल पर जांच

    घटना के बाद मृतक के स्वजनों में आक्रोश व्याप्त है। स्वजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। महनार थानाध्यक्ष वेदानंदन सिंह ने बताया कि मोबाइल पर क्रिकेट मैच देखने के दौरान हुए विवाद में मूक-बधिर युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई है।

    इस मामले में केशव कुमार ठाकुर, पिता विष्णुकांत ठाकुर को आरोपित बनाया गया है और उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    मैच देखने के दौरान एक विकेट गिरने पर दोनों के बीच मारपीट हुई थी। मारपीट के दौरान घटनास्थल के समीप ब्रेकर से कुंदन का सिर टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए पटना ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। - प्रवीण कुमार, एसडीपीओ, महनार