बगहा रेलवे ओवरब्रिज पर अब नहीं होगा अंधेरा, 84 लाख से जगमगाएगा पुल
बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर दो साल से अंधेरे के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की पहल तेज हो गई है। ₹84 ...और पढ़ें

रेलवे ओवर ब्रिज। जागरण
HighLights
बगहा आरओबी पर दो साल से अंधेरा, कई दुर्घटनाएं हुईं।
₹84 लाख की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना।
नई निविदा जारी, जल्द शुरू होगा प्रकाश व्यवस्था का कार्य।
संवाद सहयोगी, बगहा। एनएच-727 बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में एक बार फिर पहल तेज हो गई है। करीब दो वर्षों से अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का केंद्र बने इस आरओबी पर 84 लाख रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए दोबारा निविदा जारी कर दी गई है।
इससे पहले तकनीकी त्रुटि के कारण पहली निविदा रद कर दी गई थी। अब त्रुटियों को दूर कर नई निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है, जो फिलहाल जांच के चरण में है। जांच पूरी होने के बाद कार्य एजेंसी का चयन कर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कराया जाएगा। आरओबी के निर्माण के बाद से पुल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंधेरे की वजह से अब तक आठ से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 10 से 12 लोग घायल हुए, जबकि दो लोगों की जान भी जा चुकी है। दुर्घटनाओं के बाद लगातार पुल पर प्रकाश व्यवस्था की मांग उठती रही है। इस मुद्दे को पूर्व एमएलसी भीष्म सहनी ने जिला परिषद की बैठक सहित विभिन्न मंचों पर भी प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद पुल पर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनी, लेकिन पहली निविदा तकनीकी कारणों से निरस्त हो गई। अब दोबारा टेंडर जारी होने से नगरवासियों और क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही आरओबी रोशनी से जगमगा उठेगा और रात के समय आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित होगा।
खबरें और भी
स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 84 लाख रुपये की लागत से दोबारा टेंडर जारी किया गया है। वर्तमान में निविदा की जांच प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। -सरोज कुमार बैठा, ईओ, नगर परिषद, बगहा।