Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    बेतिया में BJP-कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर गिरी गाज, आचार संहिता उल्लंघन मामले में दर्ज हुआ FIR

    Updated: Sun, 26 Oct 2025 04:50 PM (IST)

    बेतिया में चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त हो गया है। बीजेपी और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों को आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है और उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, बेतिया। विधानसभा चुनाव को देखते हुए आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सतत निगरानी रखी जा रही है।

    इसी क्रम में दो अलग-अलग मामलों में राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशी के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    पहला मामला लगुनाहा चौतरवा पंचायत का है, जहां सेक्टर पदाधिकारी (सेक्टर संख्या–145) द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान पाया गया कि वार्ड संख्या–04 में कई स्थानों जैसे रंजन मंडल, बब्लू दास एवं नलिनी पाल के घरों की दीवारों सहित अन्य जगहों पर भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस पार्टी के पोस्टर लगाए गए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पोस्टर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रात में चिपकाए गए थे। संबंधित गृहस्वामियों ने बताया कि उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल को अपने घर की दीवारों का उपयोग प्रचार के लिए करने की अनुमति नहीं दी थी।

    इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के विरुद्ध चौतरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरा मामला बेतिया विधानसभा क्षेत्र का है।

    निरीक्षण के क्रम में अंचल अधिकारी, बेतिया सदर–सह–उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी द्वारा पाया गया कि पुलिस लाइन जाने वाली सड़क के किनारे, जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी का पोस्टर लगाया गया है।

    इस संबंध में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के विरुद्ध मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों मामलों की जांच संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सौंपी गई है तथा जिला प्रशासन की ओर से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।