Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    West Champaran : किसान अब होंगे और भी स्मार्ट, सरकारी योजनाओं की छुपी जानकारी देगा ईख मित्र एप

    By Madhusudan Kumar Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Sun, 23 Nov 2025 05:15 PM (IST)

    बिहार सरकार ने गन्ना किसानों के लिए ईख मित्र एप लांच किया है। मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज किसानों को इस एप से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इस एप के माध्यम से किसान उन्नत गन्ना की खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। मझौलिया चीनी मिल के सबसे ज्यादा किसान इस एप से जुड़े हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। यह एप गन्ना उद्योग को मजबूत करने में सहायक होगा।

    Hero Image

    जगदीशपुर में लगी गन्ने की फसल। जागरण 

    अमरेंद्र ओझा, जगदीशपुर (पश्चिम चंपारण)। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ना किसानों को डिजिटल सुविधा देने के उद्देश्य से ईख मित्र एप को विकसित किया है। इस ईख मित्र एप को तीन चार माह पहले बिहार सरकार के उद्योग विभाग द्वारा लांच किया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस एप को मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज ने अपने क्षेत्र के किसानों को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर मोबाइल नंबर लोगिन करने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। जिससे कि किसानों को अधिक से अधिक जानकारी घर बैठे मिल सके। चीनी मिल किसानों को इस एप से जुड़ने के लिए लगातार प्रचार प्रसार करने में जुटा है। ताकि इस ईख मित्र एप का उपयोग अधिक से अधिक किसान कर सकें।

    इस एप से गन्ना किसानों को नई तकनीक पर उन्नत गन्ना की खेती और बिहार सरकार के द्वारा गन्ना किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी घर बैठे उनके मोबाइल पर ही मिल सके। मझौलिया शुगर इंडस्ट्री के गन्ना महाप्रबंधक शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ईख मित्र एप के माध्यम से किसानो को संतुलित खाद व उर्वरक प्रयोग के साथ कीट और बीमारी नियंत्रण की जानकारी उनके मोबाइल पर ही मिल जाएगी।

    किसान गन्ना बुआई, रकबा, सर्वे रिपोर्ट के साथ सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी एक क्लिक में प्राप्त कर सकेंगे। बिहार में मझौलिया शुगर इंडस्ट्री को ईख मित्र एप से सबसे ज्यादा किसान जुड़ने की उपलब्धि है। इसके लिए मझौलिया शुगर फैक्ट्री के द्वारा किसानों का ग्रुप बनाकर इस एप से जुड़ने के लिए उन्हें प्रेरित किया जा रहा है।

    इस एप के प्रति किसानों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। मझौलिया चीनी मिल के मुख्य गन्ना प्रबंधक अखिलेश सिंह ने बताया कि मझौलिया चीनी मिल के 24000 किसानों में पिछले दो-तीन महीने में 5000 से अधिक किसान इस एप को डाउनलोड कर उससे जुड़ चुके हैं। ईख मित्र एप में किसान अपनी प्रोफ़ाइल बनाकर खेत व फसल से जुड़ी सभी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

    मिल प्रबंधन द्वारा जारी सूचना, किसानों के सुझाव और सरकारी बीज अनुदान, ड्रिप सिंचाई सब्सिडी, फसल बीमा, कृषि यांत्रिकीकरण तथा गन्ना विकास कार्यक्रम की जानकारी भी किसानों को सीधे एप पर मिलेगी।

    इससे उन्हें दफ्तरों और मिल का चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगा।स्थानीय किसान कृष्ण मोहन प्रसाद, धीरेंद्र ओझा, अमित कुमार, चंद्रमा सिंह, सूर्य नारायण सिंह, जितेंद्र सिंह आदि ने बताया कि ईख मित्र एप से सरकारी योजनाओं के बारे में सही जानकारी सही समय पर घर बैठे मिल जाएगी, जिससे समय पर लाभ उठाना आसान होगा।

    ईख मित्र एप्प गन्ना किसानों के लिए सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। जिसका उद्देश्य गन्ना की उन्नत खेती को बढ़ावा देने और सरकार की ओर से गन्ना किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को घर बैठे जानकारी देना है। पूरे बिहार में मझौलिया चीनी मिल के सबसे ज्यादा किसान इस एप्प से जुड़े हैं, जो इस चीनी मिल की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस ऐप को अपने मोबाइल में प्ले स्टोर से डाउनलोड कर इसका लाभ अधिक से अधिक किसानों को उठाना चाहिए। इस तकनीक का उपयोग गन्ना उद्योग को और मजबूत बनाएगा।

    उदयवीर सिंह, यूनिट हेड, मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज