Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ramnagar vidhan sabha Seat 2025: नक्सलियों के गढ़ में मिली शांति, शिक्षा की राह अब भी अधूरी

    Updated: Sat, 02 Aug 2025 07:32 PM (IST)

    Ramnagar vidhan sabha Seat 2025 क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के साथ सड़कों का भी जाल बिछा है। अपराध पर भी नियंत्रण लगा है। इसका प्रभाव भी दिख रहा है लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में काम नहीं हो सका है। डिग्री कालेज की मांग धरातल पर नहीं उतर सकी। इसका मलाल लोगों को है। नहर की साफ-सफाई की मांग अधूरी है।

    Hero Image
    मुजरा गांव का अंग्रेजी काल का पुल और विधायक भागीरथी देवी, विधायक रामनगर।

     गौरव वर्मा, रामनगर (बगहा)। Ramnagar vidhan sabha Seat 2025: रामनगर और गौनाहा प्रखंड को मिलाकर बनी रामनगर विधानसभा सीट 2010 से अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। 2010 से लगातार तीसरी बार रामनगर क्षेत्र से विधायक पद्मश्री भागीरथी देवी विधायक की कुर्सी पर काबिज हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने वर्ष 2020 में कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़े राजेश राम को हराया था। इससे पहले उनके भाई और पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम को भी इनसे हार मिली थी। वर्ष 2019 में इन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। 15 वर्षों के कार्यकाल में बिजली की व्यवस्था सुधरी है।

    हर घर नल-जल आपूर्ति की व्यवस्था भी की गई। ग्रामीण सड़कों को पक्का किया गया। पहले नक्सलियों और दस्युओं का गढ़ माना जाता था। वहां पर भी अमन-चैन बहाल है। अभी भी इस क्षेत्र की कई बड़ी समस्याएं दूर नहीं हो सकी हैं। इसमें डिग्री कालेज की मांग आज तक धरातल पर नहीं उतर सकी।त्रिवेणी नहर की साफ-सफाई अधूरी रह गई। मुजरा गांव में अंग्रेजों के समय के पुल की मरम्मत व नए पुल का निर्माण नहीं हुआ है। रजिस्ट्री आफिस रामनगर की जगहा लौरिया में चला गया।

    कार्य जो पूरे हुए

    • दोन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क का निर्माण।
    • दोन क्षेत्र में संचार की व्यवस्था।
    • रेल दोहरीकरण का काम।
    • सफाई कर्मियों के भविष्य और उनकी मांगों को उठाया, जिससे इनके लिए आयोग बना।
    • 93 मरीजों को मुख्यमंत्री चिकित्सा कोष से अनुदान का लाभ।
    • हड़बोड़ा नदी पर पुल का निर्माण हुआ।

    कार्य जो नहीं हो सके

    • डिग्री कालेज की आस अधूरी।
    • नगर की मुख्य सड़क आज भी बदहाल।
    • रजिस्ट्री आफिस का कार्यालय नहीं खुल सका।
    • दोन क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नदियों पर पुल-पुलिया का निर्माण नहीं हुआ।
    • त्रिवेणी नहर की सफाई रामनगर बस स्टैंड से पश्चिम तक ही हुई।
    • मुजरा गांव में नहीं बना पुल।
    • मसान नदी के बांध का कार्य पूरा नहीं।
    • सोमेश्वर को पर्यटन स्थल का दर्जा नहीं मिला।

    विधानसभा क्षेत्र : एक नजर में

    कुल मतदाता 3,17,672
    पुरुष 1,67,034
    महिला 1,50,630
    अन्य 8

    लोगों का पक्ष

    स्थानीय विधायक भागीरथी देवी के कार्य काल में बिजली, सड़क, पेयजल, शौचालय आदि बहुत कार्य हुए हैं। सड़कें और पुल निर्माण से आवागमन में सुविधा मिली है। विकास कार्यों पर फोकस रहता है।

    बादल छापोलिया, व्यवसायी पुरानी बाजार

    विधायक के कार्यकाल में 15 साल बीत गए, लेकिन जैसा क्षेत्र का विकास होना चाहिए, वैसा नहीं। एक रजिस्ट्री आफिस भी नगर में नहीं आ सका, जिससे काफी लोगों को रोजगार मुहैया होता। डिग्री कालेज भी नहीं बन सका।

    रमाशंकर सोनी, उहमी कंपाउंड

    क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। लोग भयमुक्त माहौल में रह रहे हैं। पुल-पुलिया का निर्माण हुआ है। पूरे पांच साल विधायक सदन में क्षेत्र की समस्याओं को उठाती हैं। लोगों की समस्याओं से उनका सरोकार रहता है।

    नागेंद्र कुमार, धूमली परसा

    किसानों के लिए बहुत सी सरकारी योजनाएं हैं। क्षेत्र के किसानों को समय से उसका लाभ नहीं मिल पाता है। बीज हो चाहे उर्वरक सब की स्थिति एक समान है। यूरिया के लिए तो किसानों को मारामारी करनी पड़ती है। इस दिशा में स्थानीय विधायक ने कोई खास पहल नहीं की।

    मनोज यादव, खटौरी

    नहीं हो सका पूर्ण विकास

    किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए पांच साल का समय बहुत होता है। पर, स्थानीय विधायक को 15 साल का समय जनता ने दिया था। इतने समय में क्षेत्र को स्वर्ग बनाया जा सकता था। विधायक इतने बड़े समय में भी क्षेत्र का पूर्ण विकास नहीं कर सकीं। यह खेद की बात है।

    रामनरेश बैठा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, निर्दलीय

    एजेंडे में शामिल है विकास के बाकी काम

    15 वर्षों में अनगिनत विकास कार्य कराए गए हैं, जिसका आंकड़ा काफी बड़ा है। अभी डिग्री कालेज और निबंधन कार्यालय की मांग की गई है। मसान नदी पर बांध बन रहा है। पुल और दोन क्षेत्र की समस्या को लेकर सदन में लगातार आवाज उठाई गई है। कुछ कार्य बाकी हैं, जिनको विकास एजेंडे में रखा गया है। जिस पर जल्द ही कार्य किया जाएगा। जनता का भरपूर समर्थन और सहयोग मिला है।

    भागीरथी देवी, विधायक