West Champaran News: आधार कार्ड लेने घर से निकले युवक की सड़क हादसे में मौत
West Champaran News: बगहा के नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय मेघा राम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान उसके पिता महेंद्र राम ने की। मेघा राम सिकंदराबाद मजदूरी करने जा रहा था और आधार कार्ड लेने घर निकला था, तभी दुर्घटना का शिकार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मेहुडा सिंघाडी मुख्य मार्ग में बसहवा टोला स्कूल के समीप रविवार की देर रात हुई दुर्घटना। प्रतीकात्मक फोटो
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। West Champaran News: नगर थाना क्षेत्र में रविवार की रात सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय युवक मेघा राम की मौत हो गई। पुलिस ने रात में ही घटनास्थल से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण पुलिस को मृतक की पहचान करने में काफी कठिनाई हुई। पुलिस ने युवक के मोबाइल फोन से मिले नंबरों के आधार पर स्वजन तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया।
सोमवार सुबह मृतक के पिता महेंद्र राम को पुलिस ने सूचना दी। सूचना मिलते ही वह तत्काल अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान अपने पुत्र मेघा राम के रूप में की। मेघा राम पिपरिया गांव निवासी महेंद्र राम का पुत्र था और सिकंदराबाद मजदूरी करने जाने वाला था।
घटना से पहले मेघा राम अपनी बड़ी बहन के घर झिमरी नौतनवा से पटखौली थाना क्षेत्र के डुमवलिया स्थित प्रमोद राम के घर पहुंचा था। वहां उसने अपना मोबाइल चार्ज पर लगाया और बहन से खाने के लिए कुछ बनाने को कहा।
उसने बताया कि वह सिकंदराबाद काम पर जाने की तैयारी कर रहा है और आधार कार्ड घर पर छूट गया है। जिसे वह लेकर आ रहा है। इतना कहकर वह घर की ओर निकल गया, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सुबह स्वजन को दुर्घटना की सूचना मिली तो सभी अस्पताल पहुंचे। जहां मेघा राम का शव देखकर स्वजन बदहवास हो गए। पिता ने बताया कि वह आधार कार्ड लेने घर जा रहा था, इसी बीच दुर्घटना का शिकार हो गया। पुलिस फिलहाल स्वजन के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
दुर्घटना में वृद्ध घायल
धनहा थाना क्षेत्र के बासी धनहा मुख्य मार्ग पर तमकुहा-दोनहा मोड़ के पास एक अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी की चपेट में आने से 60 वर्षीय जुम्मदीन मियां गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार तमकुहा गांव निवासी जुम्मदीन मियां पकड़ियहवा स्थित अपने खेत से काम कर घर लौट रहे थे।
तभी दोनहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दहवा ले जाया गया। जहां चिकित्सा प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।