Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    West Champaran News:वाल्मीकिनगर से महिला माओवादी गिरफ्तार, इस तरह मिली सफलता

    By Tufani Chaudhary Edited By: Ajit kumar
    Updated: Thu, 30 Oct 2025 03:50 PM (IST)

    पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर से लौकरिया पुलिस ने पांच साल से फरार महिला माओवादी निशा मांझी को गिरफ्तार किया। वह लौकरिया थाने में दर्ज एक मामले में वांछित थी। निशा मांझी पर माओवादी पोस्टर चिपकाने और एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय रहने का आरोप है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने पिता के घर आई हुई है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

    Hero Image

    गिरफ्तार माओवादी के बारे में मीडिया को जानकारी देतीं पुलिस अधिकारी। जागरण 

    संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। West Champaran News: वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के गनौली गांव से पुलिस ने एक महिला माओवादी को गिरफ्तार किया है। लौकरिया थाने की पुलिस ने बुधवार को छापेमारी कर माओवादी निशा मांझी को दबोच लिया। 

    पुलिस के अनुसार, निशा मांझी पिछले पांच वर्षों से एक मामले में फरार चल रही थी। उसके खिलाफ लौकरिया थाने में कांड संख्या 19/20 दर्ज है। लौकरिया थानाध्यक्ष विभा कुमारी ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि निशा मांझी अपने पिता के घर पर आई हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    माओवादी पोस्टर प्रकरण से जुड़ा है मामला 

    लौकरिया के तत्कालीन थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार को मार्च 2020 में सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सेमरा घुसुकपुर गांव और आसपास के इलाकों में माओवादी संगठन के लोगों ने कई जगह पर्चे चिपकाए हैं। इन पर्चों में लिखा था कि माओवादियों के नाम पर व्यवसायियों और आम लोगों से लेवी वसूलना बंद किया जाए, अन्यथा अंजाम गंभीर होगा। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कई पोस्टर जब्त किए और मामले में कार्रवाई शुरू की। 

    उसी दौरान लौकरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए करीब एक दर्जन माओवादी को नामजद किया गया था। निशा मांझी भी उन्हीं में शामिल थी। पुलिस ने उसे कई बार गिरफ्तार करने का प्रयास किया, लेकिन वह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रही। 

    एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय थी

    वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के गनौली गांव से गिरफ्तार महिला माओवादी निशा मांझी अपने दस्ता में एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय रूप से काम करती थी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सुशांत कुमार सरोज ने जानकारी दी कि चीता 32 कैंप लौकरिया थाना, पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार लाल के नेतृत्व में एआरजी बगहा टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर निशा मांझी को गिरफ्तार किया। 

    गिरफ्तार नक्सली निशा मांझी, पिता शंकर मांझी निवासी गोनौली थाना वाल्मीकिनगर की निवासी है। जिसका अस्थायी पता पवित्र नगर, थाना तरियानी, जिला शिवहर है। वह लौकरिया थाना कांड संख्या 19/20, 17 मार्च 2020, धारा 10/13 (a)(b) यूएपीए एक्ट के तहत वांछित थी। 

    एसटीएफ प्रभारी विपिन कुमार, लौकरिया थानाध्यक्ष तथा महिला पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर उसे पकड़ा। पुलिस के अनुसार, निशा मांझी पर वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र में दो माओवादी घटनाओं के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बगहा जिले सहित अन्य जिलों में भी माओवादी गतिविधियों में संलिप्त रहने के कई मामले उसके खिलाफ लंबित हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी।